अंबा ने रघुवर दास-महेश पोद्दार पर लगाए गंभीर आरोप, IPS अनुराग गुप्ता को भी लपेटा
Jharkhand. रांची में रविवार को एक प्रेस कांफ्रेंस कर विधायक अंबा प्रसाद ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में अनुराग गुप्ता का सिर्फ इस्तेमाल किया गया।
रांची, राज्य ब्यूरो। राज्यसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाकर हटाए गए पूर्व आइपीएस अनुराग गुप्ता पर विधायक अंबा प्रसाद ने कहा है कि अनुराग गुप्ता को राज्यसभा चुनाव में सिर्फ इस्तमाल किया गया था। रांची में रविवार को एक प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर विधायक ने पूर्व आइपीएस अनुराग गुप्ता के सस्पेंड किए जाने पर कहा कि राज्यसभा चुनाव में अनुराग गुप्ता को सिर्फ इस्तेमाल किया गया। उन्होंने सवाल उठाए कि एक पुलिस अधिकारी की जांच दूसरा पुलिस अधिकारी कैसे कर सकता है।
बड़कागांव की विधायक और पूर्व मंत्री योगेंद्र साव की पुत्री अंबा प्रसाद ने कहा है कि सत्ता का दुरुपयोग कर मेरे भाई और मेरे परिवार को झूठे केस में फंसाया गया है। कहा कि सत्ता के पावर का दुरुपयोग कर अधिकारियों को आगे किया गया। मेरे परिवार को टारगेट किया गया। मेरी मां निर्मला देवी को भाजपा ने अपने पक्ष में वोट करने के लिए दबाव दिया था। उन्होंने कहा कि इस मामले में सिर्फ अनुराग गुप्ता दोषी नहीं हैं। इसमें मुख्य रूप से पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, महेश पोद्दार हैं। कहा कि मेरे पास सारे सबूत हैं। उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।