Move to Jagran APP

Jharkhand Politics : झारखंड के दो मंत्री व कांग्रेसी नेताओं को यूपी में घुसने नहीं दिया, पांच घंटे सड़क जाम, फिर वापस लौटे

Jharkhand Politics लखीमपुर खीरी जा रहे झारखंड के कांग्रेसी नेताओं को उत्तर प्रदेश की पुलिस ने झारखंड-उत्तरप्रदेश की सीमा पर विंढमगंज में रोक दिया है। कांग्रेसी नेताओं का जत्था रात करीब 2 बजे विंढमगंज पहुंचा था। पांच घंटे सड़क जाम रही। फिर सभी वापस लौट गए।

By Kanchan SinghEdited By: Published: Thu, 07 Oct 2021 08:34 AM (IST)Updated: Thu, 07 Oct 2021 08:34 AM (IST)
Jharkhand Politics : झारखंड के दो मंत्री व कांग्रेसी नेताओं को यूपी में घुसने नहीं दिया, पांच घंटे सड़क जाम, फिर वापस लौटे
लखीमपुर खीरी जा रहे झारखंड के कांग्रेसी नेताओं को यूपी पुलिस ने झारखंड-उत्तरप्रदेश की सीमा पर रोक दिया है।

रांची - गढ़वा,जाटी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जा रहे झारखंड के कांग्रेसी नेताओं को उत्तर प्रदेश की पुलिस ने झारखंड-उत्तरप्रदेश की सीमा पर विंढमगंज में रोक दिया है। कांग्रेसी नेताओं का जत्था रात करीब 2 बजे विंढमगंज पहुंचा था। लेकिन उत्तर प्रदेश सीमा पर तैनात पुलिस ने इन्हें बॉर्डर पर ही रोक दिया। इस दौरान इन कांग्रेसी नेताओं की पुलिस के साथ तीखी बहस भी हुई। उत्तर प्रदेश पुलिस ने झारखंड से उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने वाली सभी सीमाओं को सील कर रखा था।

loksabha election banner

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में अपने आला नेताओं का साथ देने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के नेतृत्व में जा रहे राज्य के दो मंत्री व तीन विधायकों सहित दर्जन भर से ऊपर प्रदेश स्तरीय कांग्रेसी नेताओं को यूपी पुलिस ने विंढमगंज सीमा पर ही रोक दिया। यूपी प्रशासन ने उत्तर प्रदेश सीमा में कांग्रेसी मंत्रियों, विधायकों व नेताओं को प्रवेश नहीं करने दिया। करीब 5 घंटे बाद मंत्री, विधायक व कांग्रेसी नेता उत्तर प्रदेश सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वापस लौट गए।

बताते चलें कि उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में किसानों की मौत के बाद अपने आला नेताओं को आंदोलन में सहयोग करने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के नेतृत्व में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, कृषि पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री बादल पत्रलेख, मांडर विधायक सह कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, रामगढ़ विधायक ममता देवी, कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्षा गुंजन सिंह, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर, राजीव रंजन प्रसाद, मानस सिन्हा, संजय लाल पासवान, अमूल्य नीरज खलखो, सतीश पाल, गंजनी, जयशंकर पाठक, कुमार राजा, जगदीश साहू, जिला अध्यक्ष मंजूर अंसारी, प्रमोद दुबे, जैश रंजन पाठक, गढ़वा जिला अध्यक्ष अरविंद तूफानी सहित अन्य कांग्रेसी नेता बुधवार की रात करीब दो बजे झारखंड व उत्तर प्रदेश की सीमा विलासपुर पहुंचे।

वहां यूपी पुलिस ने उत्तर प्रदेश की सीमा में उन्हें प्रवेश करने से रोक दिया। यूपी पुलिस को सूचना मिली थी कि झारखंड के मंत्री, विधायक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता लखीमपुर खीरी जाने के लिए विंढमगंज में यूपी सीमा में प्रवेश करेंगे। सूचना के आलोक में उत्तर प्रदेश पुलिस ने रात 11 बजे से ही सीमा को सील कर उस स्थल को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया था। झारखंड के मंत्री, विधायक व कांग्रेसी नेता सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। गुरुवार की सुबह 7 बजे सोनभद्र के अपर जिलाधिकारी राकेश सिंह सीमा पर पहुंचे और मंत्री, विधायक व अन्य कांग्रेसी नेताओं को किसी भी कीमत पर सीमा में प्रवेश नहीं करने देने की बात कही। मजबूर होकर लखीमपुर खीरी जा रहे झारखंड के मंत्री, विधायक व सभी कांग्रेसी नेता वापस लौट गए।

5 घंटे तक जाम रहा एनएच 75 : राज्य के मंत्री, विधायक व कांग्रेसी नेताओं को उत्तर प्रदेश सीमा में प्रवेश करने की अनुमति नहीं मिलने पर सभी जनप्रतिनिधियों व कांग्रेसी नेताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग 75 पर बैठकर जाम कर दिया। इस कारण बुधवार की रात 2 बजे से गुरुवार की सुबह 7 बजे तक राष्ट्रीय राजमार्ग 75 पर वाहनों का परिचालन बंद रहा। सुबह 7 बजे तक जाम लगा रहा। जब मंत्री, विधायक व कांग्रेसी नेता वापस हुए तब सड़क जाम हटा और एनएच पर आवागमन प्रारंभ हो सका। इस बीच राष्ट्रीय राजमार्ग 75 के दोनों तरफ लंबी दूरी की गाड़ियों का लगभग दो किलोमीटर तक लंबी कतार लग गई। कांग्रेसी नेता सड़क पर ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विरुद्ध नारे लगाते रहे। 

रांची से बुधवार को ही दो मंत्रियों संग उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हुआ था जत्था

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में किसानों की मौत के बाद कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरुद्ध प्रदर्शन करने के लिए झारखंड प्रदेश कांग्रेस के नेताओं का जत्था बुधवार की शाम उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हो गया। काफिला सड़क मार्ग से गढ़वा होते हुए उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करेगा। इसमें प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के साथ झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, कृषि मंत्री बादल पत्रलेख और तमाम वरीय नेता शामिल हैं। पार्टी का दावा है कि उत्तर प्रदेश में लगभग सौ कारों के साथ काफिला प्रवेश करेगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने लखीमपुर खीरी जाने से पूर्व कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि प्रियंका गांधी को 50 घंटे से अधिक समय तक उत्तर प्रदेश की सरकार ने गिरफ्तार कर रखा। वह किसानों की मृत्यु पर उनके स्वजनों से मिलने जा रही थीं एवं किसानों के आंदोलन को समर्थन दे रहे थीं, जो सरकार को रास नहीं आया। जब उत्तर प्रदेश सरकार को यह पता चला कि पूरे देश से कांग्रेस के नेता एवं कार्यकर्ता हजारों की संख्या में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के लिए कूच कर चुके हैं तो दबाव में आकर उन्हें छोडऩे का फैसला लिया गया है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसानों को जितना भी कुचलना चाहेगी किसानों का आंदोलन और मजबूत होगा। उनके आंदोलन को कांग्रेस पार्टी हमेशा समर्थन देती रही है और आगे भी देती रहेगी। कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा कि केंद्र सरकार ने पूरे देश में अराजकता का माहौल बना दिया है। किसानों की बर्बरता पूर्ण तरीके से हत्या की गई है। कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर ने कहा कि कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता प्रियंका के साथ खड़े हैं।

विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की दमनकारी नीति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक ममता देवी ने कहा कि यूपी एवं पूरे देश के किसानों के साथ नाइंसाफी नहीं होने देंगे। उत्तर प्रदेश जाने वालों में राजीव रंजन प्रसाद, मानस सिन्हा, संजय लाल पासवान, अमूल्य नीरज खलखो, सतीश पॉल मुंजनी, जय शंकर पाठक, कुमार राजा, जगदीश साहु, मंजूर अंसारी, प्रमोद दूबे, जैश रंजन पाठक, अरविंद तूफानी समेत अन्य नेता शामिल हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.