Move to Jagran APP

बोकारो, हजारीबाग और गिरिडीह के कांग्रेस-झामुमो कार्यकर्ता भाजपा में शामिल, बाबूलाल मरांडी ने दिलाई सदस्‍यता

Jharkhand Politics Babulal Marandi BJP रांची में प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी और समीर उरांव ने सदस्यता ग्रहण कराई। इस मौके पर बाबूलाल ने कहा कि लोगों को इस सरकार से कोई उम्मीद नहीं है।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Published: Sun, 29 Aug 2021 09:16 PM (IST)Updated: Sun, 29 Aug 2021 09:21 PM (IST)
Jharkhand Politics, Babulal Marandi BJP रांची में प्रदेश भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

रांची, राज्य ब्यूरो। बोकारो, हजारीबाग और गिरिडीह से आए विभिन्न दलों के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने रविवार को भाजपा का दामन थामा। भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी और अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने रांची स्थित झारखंड प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में विभिन्न दलों से जुड़े जनजातीय समाज के लोगों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई।

loksabha election banner

भाजपा में शामिल होने वालों में कांग्रेस एसटी सेल बोकारो के पूर्व अध्यक्ष अशोक सोरेन, हरिदास मुर्मू, हीरालाल मुर्मू, संतोष करमाली, आशीष कुमार, जीतराम हांसदा, झामुमो से पशुपति मांझी, शिवराम मुर्मू, मिहिर मांझी, सोहन मुर्मू, सुनील हेम्ब्रम, लखिंद्र किस्कू, परमेश्वर मांझी, रामधन टुडू, लालचंद मुर्मू, प्रदीप मुर्मू सहित अन्य शामिल हैं। इस मौके पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आज झामुमो और कांग्रेस को छोड़कर लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं। मतलब साफ है, लोगों को इस सरकार से कोई उम्मीद नहीं है।

आदिवासी समाज का मोह इस सरकार से भंग हो रहा है। जनजातीय समाज के लोगों के साथ अत्याचार हो रहा है। सरकार के कामकाज की कोई आलोचना करता है, तो उसे परेशान किया जा रहा है। जल, जंगल, जमीन की बात करने वाली इस सरकार के कार्यकाल में सबसे अधिक गरीबों की जमीन लूटी जा रही है। भाजपा ही इस राज्य के पिछड़ेपन को दूर कर सकती है।

भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने कहा कि भाजपा ही आदिवासियों की चिंता करने वाली पार्टी है। आजाद भारत के बाद केंद्र की सरकार में पहली बार आठ आदिवासी मंत्री बनाने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। स्वागत संबोधन एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शिवशंकर उरांव ने किया। इस मौके पर भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष गंगोत्री कुजूर, महामंत्री आदित्य साहू व मोर्चा प्रभारी रामकुमार पाहन भी उपस्थित थे।

भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी पहुंचे रांची

भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी रविवार शाम पटना से रांची पहुंचे। रांची एयरपोर्ट में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। नागेंद्र त्रिपाठी बिहार के साथ-साथ अब झारखंड में भी संगठन की कमान संभालेंगे। उनका मुख्यालय रांची ही होगा। बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गत 18 अगस्त को उन्हें दोनों राज्यों की जवाबदेही सौंपी थी।

रांची एयरपोर्ट पर क्षेत्रीय संगठन महामंत्री का स्वागत प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सिंह, प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू, प्रदीप वर्मा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद समीर उरांव, प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह, विपक्षी दल के मुख्य सचेतक बिरंची नारायण, बालमुकुंद सहाय, हेमंत दास व पूर्व विधायक गणेश गंझू ने किया। वहीं, प्रदेश मुख्यालय पहुंचने पर भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, गंगोत्री कुजूर, प्रदेश मंत्री काजल प्रधान, सह प्रशिक्षण प्रमुख सुमन कुमार, राजश्री जयंती सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.