विधायक अंबा प्रसाद ने शिक्षा मंत्री बनाए जाने की अफवाह का किया खंडन
Jharkhand. अंबा प्रसाद ने कहा कि शिक्षा मंत्री बनाने की बात में कोई सच्चाई नहीं है। अंबा प्रसाद बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुनी गई हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। विधायक अंबा प्रसाद को शिक्षा मंत्री बनाए जाने की सोशल मीडिया पर चल रही खबर पर विराम लग गया है। अंबा प्रसाद ने कहा कि शिक्षा मंत्री बनाने की बात में कोई सच्चाई नहीं है। झारखंड सरकार ने या कांग्रेस आलाकमान ने मंत्रालय विस्तार के लिए अभी किसी तरह का कोई निर्णय नहीं लिया है। इसके साथ ही ना ही मुझे किसी विभाग का मंत्री पद दिया गया है। इसलिए सोशल मीडिया में यह वायरल खबर तथ्य से परे है और मैं इसका खंडन करती हूं।
बता दें कि अंबा प्रसाद बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुनी गई हैं। झारखंड विधानसभा के स्पेशल सत्र के पहले दिन उन्होंने खुद गाड़ी ड्राइव कर पहुंची और खूब सुर्खियां बटोरीं। इस दौरान उन्होंने अपने साथ वाली सीट पर अपने दादा लक्ष्मण साव को बैठाया हुआ था। विधानसभा परिसर के अंदर जाने से पहले वह अपने दादा से गले मिलीं और विधानसभा के सत्र में भाग लेने अंदर गईं। अंबा प्रसाद कांग्रेस विधायक हैं। वह पूर्व मंत्री योंगेद्र साव की पुत्री हैं। उनकी मां निर्मला देवी भी विधायक रह चुकी हैं।
अपने दादा लक्ष्मण साव से गले मिलतीं अंबा प्रसाद।