महिला रेलकर्मी से अधिकारी ने की अभद्रता, डिवीजनल मेकेनिकल इंजीनियर से शिकायत
रांची रेल मंडल के मुरी में तैनात मैकेनिकल इंचार्ज पर इंजीनियरिग सेक्शन की एक महिला कर्मी के साथ अभद्रता करने का आरोप लगा है।
जागरण संवाददाता, रांची : रांची रेल मंडल के मुरी में तैनात मैकेनिकल इंचार्ज पर इंजीनियरिग सेक्शन की एक महिला कर्मी के साथ अभद्रता करने का आरोप लगा है। महिला कर्मी ने मामले की शिकायत रांची रेल मंडल के सीनियर डिवीजनल मैकेनिकल इंजीनियर से की है। अपनी शिकायत में महिला रेलकर्मी ने कहा है कि वह पिछले साल 23 मई से इस साल 10 फरवरी तक रांची में कोविड-19 ड्यूटी के लिए तैनात की गई थी। 11 फरवरी को वह मुरी हेडक्वार्टर लौटी और यहां ज्वाइन किया। अपने इंचार्ज से कहा कि उनका वीकली ऑफ रविवार कर दिया जाए। क्योंकि वह क्रिश्चियन है और रविवार के दिन प्रेयर करती हैं। महिला रेलकर्मी का आरोप है कि इस पर मैकेनिकल इंचार्ज ने ऐसा करने से मना कर दिया अभद्र व्यवहार किया और आपत्तिजनकर शब्दों का प्रयोग किया। कई महिला कर्मी इसकी गवाह हैं। इसी के बाद उन्होंने मामले की शिकायत की है। गौरतलब है कि शिकायती पत्र पर 13 महिला कर्मियों के दस्तखत हैं। साथ ही सात पुरुष रेलकर्मियों ने भी गवाह के तौर पर हस्ताक्षर किए हैं। आरोपित इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। महिला रेल कर्मी का कहना है कि इंचार्ज की हरकतों से सभी त्रस्त हैं। आरपीएफ ने हटिया स्टेशन से किशोरी को बरामद कर चाइल्डलाइन को सौंपा
जागरण संवाददाता, रांची : आरपीएफ ने हटिया रेलवे स्टेशन से शुक्रवार को एक किशोरी को बरामद कर चाइल्डलाइन को सौंप दिया है। लातेहार की रहने वाली यह किशोरी हटिया रेलवे स्टेशन पर अकेली बैठी थी। आरपीएफ की महिला कर्मियों की नजर उस पर पड़ी तो महिला कर्मियों ने एस्केलेटर के पास बैठी किशोरी से पूछताछ की। उसने बताया कि वह घर से नाराज होकर आई है और किसी भी ट्रेन में बैठकर वह कहीं भी जाना चाहती है। महिला कर्मी उसे हटिया पोस्ट पर ले गईं। आरपीएफ के अधिकारियों ने रांची चाइल्ड लाइन को फोन किया। चाइल्ड लाइन की टीम मौके पर पहुंचीं और किशोरी को अपने साथ ले गईं। दूसरी घटना में आरपीएफ के अधिकारियों ने हजारीबाग के रहने वाले धनंजय कुमार का 28000 रुपये कीमत का सेल फोन बरामद कर इसे धनंजय के हवाले कर दिया है। यह सेल फोन ट्रेन नंबर 70860 दुमका-रांची स्पेशल ट्रेन में छूट गया था।