कोयला व्यवसायी को अपराधियों ने गोलियों से भून डाला Ranchi News
Jharkhand. पिपरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत एनके एरिया के पुरनाडीह प्रोजेक्ट के कांटा घर में साबिर अपने ट्रकों का कांटा करवाने गया था। इसी दौरान हथियारबंद अपराधियों ने हमला कर दिया।
रांची, जासं। राजधानी रांची के खलारी निवासी कोयला व्यवसायी साबीर अहमद की पिपरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत एनके एरिया के पुरनाडीह कांटाघर के समीप गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रविवार सुबह 8:15 बजे की है। साबीर 'आधुनिक एलॉय एंड पावर लिमिटेड जमशेदपुर' के लिए कोयला ल्फ्टिंग का काम करता था। रविवार की सुबह ट्रकों को कांटा करवाने पुरनाडीह क्वायरी वन के कांटा नंबर दो गया था। साबीर कांटाघर के समीप ही था कि अज्ञात युवक ने उस पर पिस्टल तान दिया।
पिस्टल देख वहां खड़े सभी लोग भागने लगे। साबीर भी भागा। पिस्टल लिए दो युवक साबीर का पीछा करते हुए गोली चलाने लगे। इसमें एक गोली साबीर को लगी। साबीर जान बचाने के लिए पुरनाडीह पीओ कार्यालय की ओर भागने लगा लेकिन पीओ ऑफिस से 50 मीटर पहले ही गिर पड़ा। हत्यारे उस पर गोली चलाते हुए पीछा करते आ रहे थे। साबीर के जमीन पर गिरते ही उस पर गोलियों की बौछार कर दी। इसके बाद हत्यारे मोटरसाइकिल से भाग निकले। इधर, गोली चलने के बाद कांटाघर और पीओ ऑफिस के आसपास भगदड़ मच गई।
जो जिस हाल में था, वहां से भाग निकला। जख्मी साबीर को तत्काल एनके एरिया के डकरा स्थित केंद्रीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद रांची रेफर कर दिया गया। लोग उसे लेकर रांची के मेडिका अस्पताल ले जा रहे थे, परंतु रांची पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया।
साबीर के शरीर में छह गोलियां लगी हैं। इसमें सिर पर दो गोली, बाएं हाथ पर एक, दाहिने हाथ पर दो तथा एक गोली पीठ पर लगी है। सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को आठ खाली खोखा और चार जीवित कारतूस मिले हैं। इधर, टंडवा के एसडीपीओ भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। मृतक के शव को रिम्स में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।