कोल इंडिया के अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल बोले, व्यवस्थित सुधार व पारदर्शिता से कम हो सकता है भ्रष्टाचार
Jharkhand News कोल इंडिया अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल ने कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनियों को ऑनलाइन संबोधित किया। कहा कि भ्रष्टाचार का स्वरूप बदल गया है। इस मौके पर सभी एचआरडी विभाग में क्वीज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
रांची, जासं। सीसीएल में जारी सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत कोल इंडिया के अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल ने आनलाइन कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनियों को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भ्रष्टाचार कोई नया शब्द नहीं है, समय के साथ इसका स्वरूप बदल रहा है। व्यवस्थित सुधार एवं पारदर्शिता से भ्रष्टाचार को कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रक्रियाओं को सरल बनाते हुए आमजन को जागरूक करना होगा।
सभी कर्मचारी को ईमानदारी से सर्वोच्च आदर्श एवं सत्य निष्ठा के प्रति सदैव वचनबद्ध होना चाहिए। इसके साथ ही एचआरडी विभाग में सर्तक भारत-समृद्ध भारत थीम पर आधारित निबंध एवं क्वीज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें सीसीएलकर्मियों ने भाग लिया। साथ ही कर्मियों के लिए स्लोगन एवं पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। कोविड-19 के मद्देनजर प्रतियोगिता में भाग ले रहे प्रतिभागियों ने अपने-अपने विभाग में ही स्लोगन एवं पोस्टर बनाकर सतर्कता विभाग में जमा किया।