Irfan Khan Died: अभिनेता इरफान खान के निधन पर CM हेमंत समेत कई नेताओं ने जताया दुख
Irfan Khan Died. अपने अलहदा अभिनय के लिए पहचान बनाने वाले इरफान खान के निधन पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कई राजनीतिक नेताओं ने दुख जताया है।
रांची, जेएनएन। Irfan Khan Died बॉलिवुड अभिनेता इरफान खान का आज निधन हो गया। अपने अलहदा अभिनय के लिए पहचान बनाने वाले इरफान खान के निधन पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कई राजनीतिक नेताओं ने दुख जताया है। अपने शोक संदेश में उन्होंने इरफान खान को इस दौर का शानदार अभिनेता बताया है। मुख्यमंत्री के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश समेत प्रदेश के कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताते हुए उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि इरफान खान के इंतकाल से दुखी हूं। एक असाधारण अभिनेता और प्रभावशाली काम के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। हमारी प्रार्थनाएं उनके परिवार और प्रियजनों के साथ हैं। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मशहूर फिल्म अभिनेता इरफान खान के असामयिक निधन की खबर हैरान करने वाली और दुःखदायी है। फिल्मी जगत और प्रशंसकों को इनकी कमी सदैव खलेगी। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को दुःख सहने का संबल दें। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि बहुमुखी प्रतिभा के धनी अभिनेता इरफान खान के असामयिक निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। उनके परिजनों, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करे। केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने इरफान खान को शानदार अभिनेता बताया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने इरफान खान को प्रसिद्ध और बहुमुखी प्रतिभा वाला अभिनेता बताया। कहा कि इरफान खान अपने समय में अर्थपूर्ण अभिनय के लिए जाने जाएंगे। कहा कि उनके निधन की खबर सुनकर बड़ा दुख हुआ। विधायक इरफान अंसारी ने कहा है कि अभिनेता इरफ़ान खान के दुखद निधन की बात सुनकर मन बहुत आहत हुआ। अभी तीन दिन पहले ही उनकी माँ का इंतेक़ाल हुआ था। परिवार पर एक साथ दुखों का पहाड़ टूट गया। बॉलीवुड में इरफ़ान खान मेरे पसंदीदा उन चुनिंदा कलाकारों में से एक थे जिन्होंने अपनी बेहतरीन कला के दम पर बॉलीवुड में जगह बनाई।