टेबल टेनिस में प्रतिभा का लोहा मनवा रहे गढ़वा के बच्चे, 11 खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में ले चुके हैं भाग
Jharkhand News Garhwa News TT Tournament संसाधन के अभाव के बावजूद झारखंड के गढ़वा जिले के बच्चे टेबल टेनिस में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहा हैं। वर्तमान में विभिन्न वर्गाें में यहां के लगभग 50 खिलाड़ी जिलास्तरीय प्रतियोगिता में खेल रहे हैं।
गढ़वा, [दीपक]। टेबल टेनिस के खेल में राज्य के साथ-साथ राष्ट्रीय प्रतियोगिता में गढ़वा जिले के स्कूली बच्चों का डंका बज रहा है। टेबल टेनिस की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जिले के अब तक 11 बच्चे भाग ले चुके हैं। राष्ट्रीय स्तर पर यहां के बच्चे तो मेडल जीत नहीं सके हैं, लेकिन राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में यहां के खिलाड़ी जमशेदपुर के बाद राज्य में दूसरे स्थान पर हैं। गढ़वा जिला टेबल टेनिस संघ सन 2009 में अस्तित्व में आया। तब से लेकर आज तक काफी उतार-चढ़ाव के दौर से गुजरा।
लेकिन संघ के आपसी समन्वय एवं प्रयास से आज गढ़वा जिला टेबल टेनिस राज्य में अपनी पहचान बना चुका है। यहां लोग टेबल टेनिस का नाम भी नहीं जानते थे। अब टेबल टेनिस की ओर खिलाड़ियों का झुकाव बढ़ा है। सन् 2014 में गढ़वा जिला टेबल टेनिस संघ ने झारखंड राज्य टेबल टेनिस चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया था। उस समय गढ़वा जिले के महज 5-6 खिलाड़ियों ने ही भाग लिया था। उक्त प्रतियोगिता के आयोजन के बाद इस खेल में जिले के खिलाड़ियों खासकर स्कूूली बच्चों का तेजी से रूझान बढ़ा।
इसका नतीजा है कि वर्तमान में विभिन्न वर्गाें में यहां के लगभग 50 खिलाड़ी जिलास्तरीय प्रतियोगिता में खेल रहे हैं। जिले में संसाधन की समुचित व्यवस्था नहीं रहने, खेल किट आदि का अभाव तथा राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण के अभाव में खिलाड़ियों की प्रतिभा कुंठित हो रही है। अगर यहां के बच्चों को बेहतर प्रशिक्षण एवं खेल किट मुहैया कराया जाए, तो राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इनकी प्रतिभा का डंका बज सकता है।
जिला टेबल टेनिस संघ के सचिव आनंद कुमार सिन्हा ने बताया कि जिले से आयुषी कुमारी पिता अशोक कुमार दुबे छह बार नेशनल प्रतियोगिता में भाग ले चुकी है। अंजली कुमारी पिता कमलेश कुमार दुबे चार नेशनल एवं दो इंटर स्कूल नेशनल, विवेक कुमार दुबे पिता अशोक कुमार दुबे चार नेशनल, अमल कुमार ठाकुर पिता अजय कुमार ठाकुर दो नेशनल, अनिमेष कुमार पांडेय पिता अमोद कुमार पांडेय दो नेशनल प्रतियोगिता में भाग ले चुके हैं।
आयुषी कुमारी पांडेय पिता धनंजय पांडेय एक नेशनल, अमन कुमार पाल पिता जितेंद्र पाल दो नेशनल, अनिल कुमार मेहता पिता शंकर मेहता तीन नेशनल, नीतीश कुमार मेहता पिता शंकर मेहता तीन नेशनल, अनूप कुमार पिता अजय ठाकुर एक नेशनल तथा हर्षित कुमार पांडेय पिता धनंजय पांडेय एक नेशनल प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का जौहर दिखा चुके हैं।