टीका को लेकर किशोरों में उत्साह, झारखंड के तीन जिलों में आधे से अधिक को लग चुकी पहली डोज
Ranchi News कोडरमा गुमला तथा लातेहार का प्रदर्शन किशोरों के अलावा अन्य आयु वर्ग के टीकाकरण में भी बेहतर है। 18 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के टीकाकरण की बात करें तो गुमला में 86 तो कोडरमा और लातेहार में 83 प्रतिशत को पहली डोज लग चुकी है।
रांची, राज्य ब्यूरो। कोरोना टीकाकरण को लेकर किशोरों में उत्साह है। राज्य में 17 दिनों में ही 15 से 18 वर्ष के 32 प्रतिशत किशोरों को पहली डोज का टीका लग चुका है। वहीं, किशोरों के टीकाकरण में तीन जिलों ने लंबी छलांग लगाई है। कोडरमा, गुमला तथा लातेहार में आधे से अधिक किशोरों को पहली डोज का टीका लग चुका है। राज्य में इस आयु वर्ग के 23.98 लाख किशोरों का टीकाकरण होना है। इनमें से गुरुवार तक 7,67,623 किशोरों को पहली डोज का टीका लगाया जा चुका है। हालांकि किशोरों के टीकाकरण में भी झारखंड अभी कई राज्यों से पीछे चल रहा है। राज्य सरकार की कोशिश है कि इस माह तक सभी किशोरों को कम से कम पहली डोज का टीका लग जाए, क्योंकि फरवरी माह से किशोरों को दूसरी डोज का भी टीकाकरण शुरू होना है। बता दें कि पहली डोज लेने के 28 दिनों बाद दूसरी डोज का टीका लगाया जाना है। जिलों की बात करें तो जहां कोडरमा, गुमला तथा लातेहार में 50 प्रतिशत से अधिक किशोरों को टीका लग चुका है, वहीं जामताड़ा में अभी तक महज 16 प्रतिशत, पाकुड़ में 21 तथा लोहरदगा और धनबाद में 22-22 प्रतिशत किशोरों को पहली डोज लग सकी है। इन जिलों में किशोरों के टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने की जरूरत है।
अन्य आयुवर्ग में भी तीनों जिलों का बेहतर प्रदर्शन
कोडरमा, गुमला तथा लातेहार का प्रदर्शन किशोरों के अलावा अन्य आयु वर्ग के टीकाकरण में भी बेहतर है। 18 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के टीकाकरण की बात करें तो गुमला में 86 तो कोडरमा और लातेहार में 83 प्रतिशत को पहली डोज लग चुकी है। वहीं, गुमला में 51, कोडरमा में 49 तथा लातेहार में 46 प्रतिशत को दोनों डोज लग चुकी है। राज्य में इस आयु वर्ग के 83 प्रतिशत नागरिकों को पहली तथा 52 प्रतिशत को दोनों डोज लग चुकी है। इस तरह, पहली डोज के टीकाकरण में इन तीनों जिलों का प्रदर्शन राज्य औसत के समकक्ष या बेहतर है।
किस जिला में कितने किशोरों का टीकाकरण
जिला लक्ष्य पहली डोज का टीकाकरण प्रतिशत
बोकारो 149917 57735 39
चतरा 75810 25181 33
देवघर 108463 28824 27
धनबाद 195143 43766 22
दुमका 96059 28077 29
पूर्वी सिंहभूम 166751 71119 43
गढ़वा 96157 36318 38
गिरिडीह 177768 57568 32
गोड्डा 95486 34004 36
गुमला 74526 39525 53
हजारीबाग 126085 40009 32
जामताड़ा 57503 9427 16
खूंटी 38664 13185 34
कोडरमा 52067 29203 56
लातेहार 52846 27675 52
लोहरदगा 33569 7336 22
पाकुड़ 65454 14037 21
पलामू 141015 41428 29
रामगढ़ 69018 25617 37
रांची 211845 52286 25
साहिबगंज 83638 21308 25
सरायकेला खरसावां 77422 18537 24
सिमडेगा 43585 13700 31
पश्चिमी सिंहभूम 109209 31758 29