बाल कलाकारों ने हिंदी हास्य नाटक यमराज का निमंत्रण का मंचन कर दर्शाई जीवन मृत्यु कि सच्चाई Ranchi News
झारखंड फिल्म एंड थियेटर एकेडमी के मिनी सभागार में बाल कलाकारों द्वारा हिंदी हास्य नाटक यमराज का निमंत्रण का सफल मंचन किया गया। इस दौरान अभिभावकों के अलावा एकेडमी के स्टूडेंट्स हौसला अफजाई के लिए मौके पर मौजूद रहे।
रांची (जागरण संवाददाता)। झारखंड फिल्म एंड थियेटर एकेडमी के मिनी सभागार में बाल कलाकारों द्वारा हिंदी हास्य नाटक यमराज का निमंत्रण का सफल मंचन किया गया। इस दौरान अभिभावकों के अलावा एकेडमी के स्टूडेंट्स हौसला अफजाई के लिए मौके पर मौजूद रहे। इस नाटक का आनलाइन यूट्यूब के माध्यम से लाइव प्रसारण भी किया गया। यहां से जुड़कर हजारों लोगों ने इस नाटक का आनंद उठाया। नर्मदा प्रसाद खरे द्वारा लिखित इस नाटक का निर्देशन किया राजीव सिन्हा।
नाटक में दिखाया गया कि एक घमंडी राजा जो हमेशा अपने ही मुंह मियां मिट्ठू बनता था। उसे ये भी गलतफहमी होती है कि उसकी प्रजा उसे खूब पसंद करती है। इसलिए उसकी प्रशंसा करती है जबकि प्रजा उसे कतई पसंद नहीं करती। एक दिन यमराज जब उसे नरक के लिए लेने आते हैं तो कैसे यमराज के साथ जाने से मना कर देता है। यमराज उसके सामने एक शर्त रखते है कि अगर कोई भी तीन आदमी अगर उसके जाने का अफसोस जाता दे तो उसे नरर्क नहीं के जाएंगे। ऐसे में जब रानी, मंत्री और साध्वी को राजा के मरने की खबर देकर उसके बारे में पूछा जाता है तो सभी उसकी बुराई करते हैं। तब जाकर राजा को जीवन और मृत्यु की सच्चाई का पता चल पात है। इस नाटक में आनंद वशिष्ठ, अपराजिता रॉय, अभिनव आनंद, प्रज्ञा प्रोमिता विश्वास और साक्षी सिन्हा अभिनय करने वाले कलाकारों में शामिल थे। इस नाटक की रिकॉर्डिंग रविवार शाम छह बजे यूटयूब चैनल इंडियन थियेटर लाइव स्ट्रीमिंग पर फिर से प्रसारित की जाएगी।