मुख्य सचिव का सख्त आदेश, सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगाएं विभिन्न विभाग Ranchi News
मुख्य सचिव डॉ. डीके तिवारी ने प्लास्टिक की रिसाइक्लिंग व डिस्पोजल के लिए कैलेंडर बनाने के निर्देश दिए। कहा कि स्कूल-कॉलेजों को प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र बनाने की पहल करेें।
रांची, राज्य ब्यूरो। राज्य के मुख्य सचिव डॉ. डीके तिवारी ने सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक लगाने का निर्देश विभिन्न विभागों को दिया है। उन्होंने प्लास्टिक के प्रयोग को हतोत्साहित करने और परंपरागत साधनों को प्रोत्साहित करने पर बल देते हुए कैसे सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न हो, इसे लेकर सभी संबंधित विभागों को अपनी भूमिका के अनुरूप कैलेंडर बनाने का निर्देश दिया है। प्लास्टिक की रिसाइक्लिंग और डिस्पोजल कैसे करेंगे, इसके उपयोग पर जुर्माना कैसे लगाएंगे तथा जुर्माना कौन वसूलेगा आदि का भी भी स्पष्ट उल्लेख करने को कहा है।
मुख्य सचिव गुरुवार को प्रोजेक्ट भवन में प्लास्टिक कचरे के प्रभावी डिस्पोजल और रिसाइक्लिंग को लेकर संबंधित विभागीय सचिवों के साथ बैठक कर रहे थे। मुख्य सचिव ने सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को पूरे राज्य में खत्म करने का निर्देश दिया और राजधानी रांची पर विशेष फोकस करने को कहा। साथ ही स्कूलों, कॉलेजों को प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र बनाने की पहल करने को कहा। प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित करने के लिए मुहल्ला के लोगों, हाउसिंग सोसाइटी, वार्ड पार्षदों तथा दुकानदार संघों को स्वच्छता अभियान से जोडऩे का सुझाव दिया।
प्लास्टिक के कचरे से होगा सड़क निर्माण
विभिन्न विभागों ने बैठक में प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा इसकी रिसाइकिल को लेकर अपने-अपने प्लान साझा किए। पथ निर्माण विभाग ने कहा कि प्लास्टिक के कचरे से विभाग सड़क निर्माण करेगा। इसमें निर्माण लागत भी कम आती है। वन एवं पर्यावरण विभाग ने ने रांची में रिसाइक्लिंग यूनिट लगाने पर जोर दिया।
ग्रामीण विकास विभाग ने सभी आदर्श गांवों सहित कुल सौ गांवों को प्राथमिकता देते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक को डंप करने के लिए गड्ढा बनाने की अपनी योजना से अवगत कराया। पर्यटन विभाग ने पर्यटक स्थलों पर प्लास्टिक के प्लेट के स्थान पर पत्तल के उपयोग अनिवार्य करने की योजना बताई। पंचायती राज विभाग ने हर पंचायत में जागरूकता अभियान चलाने तथा सखी मंडलों को अभियान में शामिल करने की बात कही। नगर विकास विभाग ने बॉटल क्रसिंग मशीन निगम क्षेत्र में लगाने की बात कही।
40 लाख रुपये की हुई वसूली
बैठक में पदाधिकारियों ने बताया कि अभी तक सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान में 40 लाख 12 हजार रुपये जुर्माने की वसूली की गई है। साथ ही भारी मात्रा में प्लास्टिक कैरी बैग जब्त किए गए हैं।
दो अक्टूबर को श्रमदान अभियान
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने 11 सितंबर से शुरू हुए 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान की प्रगति की जानकारी दी। बताया कि दो अक्टूबर को प्लास्टिक के कचरे की सफाई को लेकर व्यापक श्रमदान अभियान चलेगा। इसमें राज्य सरकार के सभी पदाधिकारी व कर्मचारी भी शामिल होंगे। तीन से 27 अक्टूबर तक सिंगल यूज प्लास्टिक कचरे की रिसाइक्लिंग और प्रभावी डिस्पोजल का भी कार्यक्रम होगा।