Chhath Puja 2021: उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व संपन्न, अहले सुबह से ही घाट पर जुटे व्रती
Chhath Puja 2021 Jharkhand News झारखंड में छठ महापर्व संपन्न हो गया। आज गुरुवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया गया। सिमडेगा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने नदी घाट पर जाकर भगवान भास्कर काे अर्घ्य दिया। चारों तरफ उल्लास का माहौल रहा।
रांची, डिजिटल डेस्क। चार दिवसीय महापर्व छठ का आज उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही संपन्न हो गया। पूरे झारखंड में छठ को लेकर भक्तिपूर्ण माहौल रहा। प्रशासन की सजगता और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग के बीच लाखों छठ व्रतियों ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। इससे पूर्व बुधवार शाम को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया गया था। झारखंड के रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, धनबाद, जमशेदपुर, देवघर आदि जिलों से पूरे उल्लास के साथ छठ पर्व मनाए जाने की सूचना है। सुरक्षा और बिजली की व्यवस्था के चाक-चौबंद रहने से छठव्रतियों को सुविधा हुई। राज्य में कई जगहों पर कोरोना संक्रमण के कारण व्रतियों ने अपने घर में बनाए गए कुंड में ही भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया।
सिमडेगा में नदी व जलाशय में दिखी आस्था
सिमडेगा में छठ पर्व को लेकर श्रद्धालुओं की आस्था नदी व तालाबों पर नजर आई। उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ महापर्व संपन्न हो गया। जिले के शंख एवं पालामाड़ा नदी के संगम समेत केलाघाघ, प्रिंस चौक एवं आंचलिक क्षेत्रों के जलाशय में व्रती पहुंचे। पानी में खड़े होकर व्रतियों ने भगवान भास्कर को दूध एवं जल से अर्घ्य प्रदान किया। इसके बाद श्रद्धा व निष्ठा के साथ सूर्यदेव की पूजा-अर्चना की। आरती के बाद लोगों के बीच ठेकुआ प्रसाद का वितरण किया गया।