Chhath Puja 2021: छठ महापर्व पर पूरे झारखंड में दिखा आस्था का जनसैलाब, देखें खास तस्वीरें
Chhath Puja 2021 Jharkhand News झारखंड के विभिन्न हिस्सों में छठ व्रती इस चार दिवसीय पर्व में पूरी श्रद्धा से जुटे हैं। सिमडेगा में शंख एवं पलामाड़ा नदी संगम में व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की अपार भीड़ जुटी। रामगढ़ में भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
रांची, डिजिटल डेस्क। छठ महापर्व पूरे झारखंड में भक्ति भाव से मनाया जा रहा है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में छठ व्रती इस चार दिवसीय पर्व में पूरी श्रद्धा से जुटे हैं। आज इस महापर्व का पहला अर्घ्य भगवान भास्कर को दिया गया। राजधानी रांची सहित हजारीबाग, गढ़वा, पलामू, लातेहार, धनबाद, जमशेदपुर, कोडरमा, चतरा आदि जिलों में आज शाम को छठ व्रती छठ घाट पर पहुंचे और भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। छठ को लेकर गली-मोहल्लों से लेकर कस्बे तक आम ओ खास जुटे हैं। गुरुवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस महापर्व का समापन हो जाएगा।
पूरे राज्य से आ रही तस्वीरों से इस पर्व को लेकर उत्साह को देखा जा सकता है। पलामू में मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के अमानत घाट पर एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने अपनी पत्नी के साथ छठ व्रत किया और भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। पलामू के मेदिनीनगर के कोयल नदी स्थित छठ घाट पर व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य भगवान को प्रथम अर्घ्य अर्पित किया।
सिमडेगा में शंख एवं पलामाड़ा नदी संगम में व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की अपार भीड़ जुटी। यहां व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। रामगढ़ में भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। दामोदर नदी छठ घाट व बिजुलिया तालाब छठ घाट पर आस्था का जनसैलाब दिखाई दिया। गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने छठ घाट व तोरण द्वार का उद्घाटन किया। रामगढ़ उपायुक्त माधवी मिश्रा बिजुलिया तालाब छठ घाट में अपने माता-पिता के साथ मौजूद हैं। यहां सीसीटीवी कैमरे से निगरानी रखी जा रही है।