चतरा में जनता को बांटने वाला अनाज डकार रहे अधिकारी, खुली पोल तो हुआ हंगामा
Chatra News। जनवरी का महीने खत्म होने वाला है लेकिन अभी तक डीलरों को जनता को बांटने वाला अनाज नहीं मिल पाया है जानकारी के मुताबिक गोदाम से ही अनाज गायब है जिसकी वजह से आज डीलरों ने हंगामा किया।
चतरा, जागरण संवाददाता। सदर प्रखंड कार्यालय स्थित झारखंड राज्य खाद्य निगम के गोदाम से 698813 किलो अनाज गायब है। गोदाम में अनाज की अनुपलब्धता के कारण डीलरों को समय पर खाद्यान्न नहीं मिल रहा है। इसका खामियाजा कार्डधारियों को भुगतना पड़ रहा है। डीलर कार्डधारियों को ससमय राशन नहीं दे रहे हैं। डीलरों का आरोप है कि सहायक गोदाम प्रबंधक गणेश टोप्पो ने प्रधानमंत्री गरीब अन्न योजना एवं राज्य सरकार द्वारा दिए जाने वाला खाद्यान्न बेच दिया है। वह भी एक या दो नहीं, बल्कि पूरे 698813 किलो।
डीलरों को बांटने के लिए नहीं मिला अनाज
जनवरी का महीना बीतने वाला है। लेकिन अब तक प्रखंड एवं नगर के करीब 150 डीलरों को प्रधानमंत्री गरीब अन्न योजना का आवंटन नहीं मिला है। डीलर खाद्यान्न उठाव को लेकर पिछले कई दिनों से राज्य खाद्य निगम के गोदाम का चक्कर काट रहे हैं। डीलरों का आरोप है कि एजीएम ने कुछ बिचौलियों के साथ मिलकर प्रधानमंत्री गरीब खाद्यान्न का अनाज गायब कर दिया है। शिकायत मिलने पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सहायक गोदाम प्रबंधक से शो-काज किया था। लेकिन उन्होंने इसका कोई जवाब नहीं दिया। परिणामस्वरूप प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी सह सहायक गोदाम प्रबंधक गणेश टोप्पो को एजीएम का अतिरिक्त प्रभार से चार दिन पूर्व मुक्त कर दिया गया।
डीलरों ने जमकर किया हंगामा
प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी गणेश टोप्पो सहायक गोदाम प्रबंधक का प्रभार देने में आनाकानी कर रहे हैं। सोमवार को प्रखंड एवं शहर के दर्जनों डीलर अनाज उठाने गोदाम पहुंचे तो गोदाम खाली पड़ा था। डीलरों ने बताया कि जनवरी महीना समाप्त होने को है। लेकिन अब तक उन्हें जनवरी का आवंटन नहीं उपलब्ध कराया है। ऐसे में डीलरों ने गोदाम के समीप जमकर हंगामा किया। मालूम हो कि प्रधानमंत्री गरीब अन्न योजना के तहत अंत्योदय में हर महीने चावल 92,775 किलो तथा लाल कार्डधारियों के लिए 32,9512 किलो और अंत्योदय में 56868 और लाल कार्डधारियों के लिए 219658 किलो सदर प्रखंड का आवंटन है।
बैकलाग की शिकायत मिली है। सहायक गोदाम प्रबंधक का अतिरिक्त प्रभार बदल दिया गया है। जब तक प्रभार नहीं होता है, तब तक अनाज के शार्टेज पता नहीं चलेगा।
मुमताज अंसारी, डीएसओ, चतरा।