चतरा में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस Chatra News
Chatra News कहा जा रहा है कि अरशद नशे की जद में था। वह सिगरेट में भरकर ब्राउन शुगर का नशा करता था। कुछ दिनों से उसे ब्राउन शुगर नहीं मिल रहा था। इसकी वजह से वह विचलित रह रहा था।
चतरा, जासं। चतरा जिले के नूर मोहल्ला बूचड़टोली निवासी मो. कैयूम के 21 वर्षीय पुत्र मो. अरशद ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अरशद की उम्र करीब 21 वर्ष होगी। घटना सोमवार की शाम की है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों को ढूंढ रही है। वैसे जिस प्रकार की चर्चा है, वह न सिर्फ शहर, बल्कि जिले के युवा वर्ग के लिए घोर चिंता का विषय है। कहा जा रहा है कि अरशद नशे की जद में था।
वह सिगरेट में भरकर ब्राउन शुगर का नशा करता था। कुछ दिनों से उसे ब्राउन शुगर नहीं मिल रहा था। इसकी वजह से वह विचलित रहता था। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। वहीं दूसरी ओर यह भी चर्चा है कि पढ़ाई-लिखाई को लेकर वह तनाव में रह रहा था। बहरहाल मामला चाहे जो भी हो, लेकिन इसकी जांच गंभीरता से करने की जरूरत है।
पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार युवक पिछले कुछ दिनों से तनाव में रह रहा था। सोमवार को दाेपहर में खाना खाने के बाद घर से निकला। शाम को वापस आया और अपने कमरे में चला गया। इसी बीच फांसी लगा ली। घर वालों को जैसे ही जानकारी हुई, तुरंत फंदा से उतार कर उसे सदर अस्पताल ले गए। वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी लव कुमार ने बताया कि मामले की पड़ताल की जा रही है।