तस्करी कर बिहार ले जाया जा रहा 224 किलो गांजा बरामद, पिकअप वैन जब्त Chatra News
Jharkhand News पुलिस अधीक्षक ऋषव कुमार झा को गुप्त सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन के जरिये गांजा की एक बड़ी खेप सदर थाना क्षेत्र के ऊंटामोड के रास्ते चतरा होते हुए बिहार ले जाया जा रहा है।
चतरा, जासं। चतरा पुलिस ने गांजा की बड़ी खेप बरामद की है। गांजा को तस्करी कर बिहार ले जाया जा रहा था। बरामद गांजे का वजन 224.500 ग्राम है। गांजा पिकअप वाहन पर लाद कर ले जाया जा रहा था। सदर थाना क्षेत्र के ऊंटामाेड के पास वाहनों की जांच कर उसे बरामद किया गया। रविवार को सदर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अविनाश कुमार ने इसकी विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक ऋषव कुमार झा को गुप्त सूचना मिली थी कि पिकअप वहन के जरिये गांजा की एक बड़ी खेप सदर थाना क्षेत्र के ऊंटामोड के रास्ते चतरा होते हुए बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना के आलोक में पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया। गठित दल ने शनिवार की रात को ऊंटामोड में वाहनों की तलाशी अभियान शुरू की। इसी क्रम में एक पिकअप वाहन का चालक पुलिस को देखते ही गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा कर चंपत हो गया।
संदेह होने पर जब उसकी तलाशी ली गई, तो वाहन पर प्लास्टिक पैकिंग में गांजा मिला। पुलिस के जवानों ने वाहन संख्या बीआर 01 जीबी-8986 को जब्त कर लिया और पूरी स्थिति से एसपी को अवगत कराया। पिकअप वाहन के भीतर बनाए बाॅक्स में कुल 52 पैकेटों में गांजा रखा हुआ था। उसका वजन 224.500 ग्राम है। छापेमारी अभियान में एसडीपीओ के अलावा प्रभारी थाना प्रभारी अवर निरीक्षक अनिल कुमार, सैट-44 के अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार यादव एवं राजपुर थाना के सहायक अवर निरीक्षक संजय कुमार सिंह शामिल थे। एसडीपीओ ने बताया कि तस्करों की पहचान के लिए प्रयास किया जा रहा है। वाहन मालिक के विरुद्ध मादक पदार्थ अधिनियम का मामला दर्ज किया गया है।