मानसिक रोगी ने चतरा सदर अस्पताल में भर्ती वृद्ध को पीटकर मार डाला Chatra News
Chatra Jharkhand News स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि अज्ञात वृद्ध सिमरिया रेफरल अस्पताल में भर्ती था। 20 अगस्त को वहां से उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया था।
चतरा, जासं। चतरा सदर अस्पताल में भर्ती 70 वर्षीय वृद्ध की एक मानसिक रोगी ने पीट पीट कर हत्या कर दी। अस्पतालकर्मियों को इसकी जानकारी तब हुई, जब मरीज का हालचाल जानने वे वार्ड में पहुंचे। मृतक की पहचान अब तक नहीं हुई है। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि अज्ञात वृद्ध सिमरिया रेफरल अस्पताल में भर्ती था। 20 अगस्त को वहां से उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया था। 108 एंबुलेंस से सदर अस्पताल लाया गया था। यहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा था।
कर्मियों ने बताया कि रविवार की शाम करीब पांच बजे वार्ड में भर्ती एक मानसिक रोगी ने मच्छरदानी की पाइप निकालकर अचानक उस पर हमला कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके बाद मानसिक रोगी अपने बेड पर जाकर बैठ गया। मानसिक रोगी जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के कोबना गांव निवासी स्वर्गीय चंदन महतो का पुत्र विजय महतो है। विजय महतो को गिद्धौर के गंधरिया पंचायत के मुखिया पति संजय यादव ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया था।
उसके बाद से उसका इलाज सदर अस्पताल में ही किया जा रहा है। बताया जाता है कि विजय पिछले कई वर्षों से मानसिक रोगी है। इधर, इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस निरीक्षक सह सदर थाना प्रभारी लव कुमार दलबल के साथ अस्पताल पहुंचे और पड़ताल शुरू कर दी है। सदर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जबकि आरोपित मानसिक रोगी को पुलिस निगरानी में रखा गया है।