Jharkhand: चतरा में नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष की कोरोना से मौत
चतरा नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष श्रीराम खंडेलवाल की कोरोना से मौत हो गई। उन्होंने सोमवार की सुबह राजधानी रांची के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। खंडेलवाल पिछले कुछ वर्षों से हजारीबाग में रहकर कारोबार कर रहे थे।
चतरा, जासं । चतरा नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष श्रीराम खंडेलवाल की कोरोना से मौत हो गई। उन्होंने सोमवार की सुबह राजधानी रांची के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। खंडेलवाल पिछले कुछ वर्षों से हजारीबाग में रहकर कारोबार कर रहे थे। जानकारों ने बताया कि एक सप्ताह पहले उन्हें बुखार और सांस लेने में परेशानी हो रही थी। हालात को देखते हुए वहां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने के कारण रांची के किसी बड़े निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार सुबह उन्होंने ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर सुनकर शहर में शोक की लहर है। श्रीराम खंडेलवाल करीब दो वर्ष नगर परिषद का अध्यक्ष रहे थे। वर्ष 2008 में पहली बार नगर परिषद का चुनाव में वे बतौर अध्यक्ष पद के उम्मीदवार थे। लेकिन लखनलाल सिंदुरिया के हाथों परास्त हो गए थे। इसी बीच वर्ष 2010 में लखनलाल सिंदुरिया का निधन हो गया और 2011 में अध्यक्ष के लिए पुनर्मतदान हुआ था। जिसमें वह निर्वाचित हुए थे। श्रीराम खंडेलवाल की उम्र 45 वर्ष से कुछ अधिक होगी। हंसमुख एवं सरल व्यक्तित्व के धनी खंडेलवाल की शहर में अपनी पहचान थी।