शादी से इन्कार करने पर साली को अगवा कर ले गया ओडिशा, दोस्तों संग मिलकर दुष्कर्म
साली को अगवा कर ले गया ओडिशा दोस्तों संग मिल दुष्कर्म के बाद जहर दे की हत्या पत्नी की मौत के बाद ससुराल वालों से मांगा था छोटी बहन का हाथ इन्कार पर कर लिया था अगवा...
रांची, जासं : राजधानी रांची के चान्हो की एक बेटी की दुष्कर्म के बाद जहर खिलाकर हत्या कर दी गई। हत्या युवती के सगे जीजा ने ही की। इससे पहले दोस्तों संग मिलकर उससे दुष्कर्म भी किया। इसे लेकर युवती के पिता ने चान्हो थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें दामाद चतरा जिला के लावालौंग कोची निवासी मेराज खान सहित उसके दोस्तों को नामजद आरोपित बनाया है। एफआइआर में बताया है कि उनकी बेटी को दामाद ने ही अगवा कर लिया था।
पत्नी की मौत के बाद ससुराल वालों से मांगा था छोटी बहन का हाथ, इन्कार पर कर लिया था अगवा
आरोपित के ससुर ने बताया कि बड़ी बेटी की मौत के बाद छोटी बेटी का हाथ मांगा था। इससे इन्कार पर अगवा कर ओडिशा के सुंदरगढ़ ले गया। वहां अनीशा खातून नाम की महिला के घर बेटी को बंधक बनाकर रखा। इस बीच अपने दोस्त जितेंद्र सहित अन्य लोगों के साथ मिलकर दुष्कर्म किया। इसके बाद जहर खिलाकर चान्हो के सोंस गांव स्थित कोढ़ी चौक के पास बीते 27 फरवरी को एक स्कॉर्पियो से लाकर छोड़ दिया। इसके बाद जितेंद्र व सेराज वहां से फरार हो गए। इसकी जानकारी मिलने के बाद परिजन उसे आनन-फानन में चान्हो सीएचसी ले गए। वहां से रिम्स रेफर कर दिया गया। जहां शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पिता ने बरियातू थाना के पुलिस अधिकारी के समक्ष बयान दिया। जिसे, एफआइआर के लिए थाना भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपित जीजा सहित अन्य आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
स्कॉर्पियो से अगवा कर ले गए थे सुंदरगढ़
युवती के पिता ने बताया है कि उनकी बेटी (मृतक) को पिछले महीने जितेंद्र नाम के युवक ने फोन किया था। कहा था कि उसके जीजा मेराज खान सड़क दुर्घटना में घायल हो गए हैं। यह जानकारी मिलने के बाद बेटी वहां पहुंची, तो जितेंद्र व सेराज खड़े थे। दोनों ने मिलकर उसके हाथ बांधे आर मुंह में कपड़ा ठूंसकर सीधे सुंदरगढ़ ओडि़शा ले गए। वहां अनीशा नाम की महिला के घर बंधक बनाकर रखा। वहां खूब जुल्म किए गए। वहां बारी-बारी से सभी ने दुष्कर्म किया। इसके बाद मेराज ने जितेंद्र के हाथों बेच दिया कि अब जो चाहे कर सकते हैं।
चचेरे भाई को कॉल कर सुनाई थी आपबीती
27 फरवरी की सुबह सात बजे युवती ने अपने चचेरे भाई के मोबाइल पर कॉल कर पूरी घटना की जानकारी दी। कहा पिताजी से बात कराओ, ये लोग हमें मार देंगे। मुझे बच लो। इसके बाद उसी दिन वह जहर खाकर बेसुध पड़ी मिली।