आरएसएस के अनुषांगिक संगठन सेवा भारती के कार्य से रांची के बस्तियों में हुए हैं काफी बदलाव
हरमू स्थित पटेल पार्क मैदान में रविवार को आरएसएस के अनुषांगिक संगठन से सेवा भारती का वार्षिकोत्सव मनाया जाएगा। सेवा भारती के प्रयास के राजधानी के सेवाबस्तियों में बदलाव दिखाई दे रहा है।
जागरण संवाददाता, रांची : हरमू स्थित पटेल पार्क मैदान में रविवार को आरएसएस के अनुषांगिक संगठन सेवा भारती का वार्षिकोत्सव सह बाल मेला का आयोजन होगा। शुक्रवार को कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सेवा भारती रांची महानगर के सचिव श्याम टोरका ने बताया कि सेवा भारती के प्रयास से राजधानी की बस्तियों में काफी बदलाव हुए हैं। वार्षिकोत्सव में इसका प्रदर्शन होगा। पहले सत्र में खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ मुख्य अतिथि व मेयर आशा लकड़ा विशिष्ट अतिथि होंगी। जबकि दूसरे सत्र में रांची विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. रमेश पांडेय मुख्य अतिथि व सीसीएल के सीएमडी गोपाल सिंह विशिष्ट अतिथि होंगे। मौके पर पूर्व में संपन्न खेलकूद प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। राष्ट्रीय सेवा भारती आगरा के न्यासी सतीश चंद्र अग्रवाल मुख्य वक्ता होंगे। सेवा भारती 19 वर्षो से सेवाबस्तियों में कर रहा कार्य
श्याम टोरका ने बताया कि पिछले 19 वर्षो में सेवा कार्य से बस्तियों के विकास में कई बदलाव हुए हैं। शिक्षा आयाम के तहत बाल संस्कार केंद्रों पर रिक्शा वाले, ठेला वाले व पिछड़े वर्ग के बच्चों को पांचवीं कक्षा तक शिक्षित किया जा रहा है। इसके अलावा सिलाई-कटाई प्रशिक्षण केंद्र के माध्यम से बस्तियों में रहने वाली युवतियों व महिलाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। राजधानी के 84 बस्तियों में चलता है बाल संस्कार केंद्र : गुरुशरण प्रसाद
राष्ट्रीय सेवा भारती के प्रमुख ट्रस्टी गुरुशरण प्रसाद ने कहा कि पहले रांची में 124 बस्ती थे जो अब 144 हो गए हैं। इनमें से मात्र 84 बस्तियों में ही सेवा भारती की ओर से बाल केंद्र चलाए जा रहे हैं। इसे 100 से ऊपर ले जाने की योजना है। इस अवसर पर सेवा भारती के प्रांतीय सह सचिव राधेश्याम अग्रवाल, रामाशंकर बागड़िया, सूर्यमणि सिंह, जीतेंद्र कुमार समेत कई उपस्थित थे।