केंद्र सरकार ने कोरोना काल में मानव और मानवता दोनों की रक्षा की
भारतीय जनता पार्टी रांची महानगर द्वारा आयोजित सेमिनार में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया।
जासं, रांची: भारतीय जनता पार्टी रांची महानगर द्वारा आयोजित 'कोविड 19 की चुनौती प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संकट का मुकाबला करता राष्ट्र' विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य वक्ता संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि कोरोना महामारी से बचाव को लेकर केंद्र सरकार ने राज्य सरकार का भरपूर मदद किया। लेकिन राज्य सरकार ने केंद्र के योगदान को छिपाने की कोशिश की। विपक्ष के लोगों ने भ्रम फैलाया कि केंद्र सरकार कोरोना महामारी में लोगों की उतनी मदद नहीं की। जबकि सच्चाई यह है कि नरेंद्र मोदी की जगह कोई दूसरा प्रधानमंत्री होता तो कोरोना से त्रासदी लगभग तीन गुना अधिक होती। पूरा राष्ट्र कोरोना काल में मोदी के कुशल नेतृत्व में सुरक्षित है। सांसद संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हम भारतवासियो को कोरोना के बड़े विध्वंस से बचा लिया। इतनी विपरीत परिस्थिति में इतनी बड़ी जनसंख्या वाले देश को बचा लेना कोई मजाक नहीं है। जिस प्रकार समय-समय पर हर जरूरत की चीजों की व्यवस्था की गई वह अपने आप में बेमिसाल है। जिलाध्यक्ष केके गुप्ता और उप महापौर संजीव विजयवर्गीय ने भी अपने विचार प्रकट किए। कार्यक्रम में डा. सूर्यमणि सिंह, कमाल खान, लक्ष्मी चंद दीक्षित, काजिम कुरैशी, गुरविदर सिंह सेठी, आदि उपस्थित थे। वक्ताओं ने कहा कि विपक्ष ने मानवीय संवेदना को दरकिनार कर राजनीति की जबकि यह समय मानवता की सेवा करने का है। आपसी प्रतिद्वंद्विता को दरकिनार कर एक मंच पर आकर मिलकर काम करने का है।