चतरा में हैवानियत की शिकार विधवा को 2 लाख, 4 दरिंदों ने दुष्कर्म कर प्राइवेट पार्ट किया तहस-नहस
चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र में हैवानियत की शिकार हुई विधवा को दो लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। उसका इलाज सरकारी खर्च पर कराया जाएगा। उपायुक्त दिव्यांशु झा ने यह जानकारी शनिवार को दी। उन्होंने कहा कि प्रशासन को घटना की संक्षिप्त रिपोर्ट मिल चुकी है।
चतरा, जासं। चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र में हैवानियत की शिकार हुई विधवा को दो लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। उसका इलाज सरकारी खर्च पर कराया जाएगा। उपायुक्त दिव्यांशु झा ने यह जानकारी शनिवार को दी। उन्होंने कहा कि प्रशासन को घटना की संक्षिप्त रिपोर्ट मिल चुकी है। हंटरगंज के प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि वह पीडि़ता के परिवार का ख्याल रखें और पूरी मदद करें।
इधर, पुलिस अधीक्षक ऋषव कुमार झा ने कहा कि मामले को सुलझा लिया गया है। दो नामजद आरोपित गिरफ्तार कर लिए गए हैं। इस मामले का त्वरित निष्पादन के लिए अदालत से आग्रह किया जाएगा। इस बाबत जल्द ही आरोप पत्र समर्पित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब तक की पड़ताल से स्पष्ट हुआ है कि मामूली कहासुनी का मामला प्रतिशोध की हद तक पहुंच गया। हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. वेदप्रकाश के मुताबिक पीडि़ता की हालत स्थिर है। पिछली रात उसने पेट दर्द की शिकायत की थी।
पीडि़ता के स्वजनों से मिले जन प्रतिनिधि
चतरा के सांसद सुनील कुमार सिंह ने इस घटना की निंदा की है तथा इस वारदात में शामिल लोगों को कड़ी सजा देने की मांग की है। उन्होंने अपने प्रतिनिधि निर्भय कुमार के नेतृत्व में एक टीम को पीडि़ता के स्वजनों से मिलने के लिए उसके घर भेजा। प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान पीडि़ता की पुत्री से मुलाकात कर उसे न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। इधर, कांग्रेस के भी एक प्रतिनिधिमंडल ने पीडि़ता के स्वजनों से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली।