मुकेश जालान हत्याकांड के मुख्य शूटर की होगी ब्रेन मैपिंग, रिमांड के लिए कोर्ट में आवेदन देगी पुलिस Ranchi News
Jharkhand Latest Crime News Update पुलिस ने बताया है कि मुकेश जालान की हत्या लूटपाट के दौरान की गई थी। जबकि घटना के बाद सामने आई सीसीटीवी फुटेज में लूटपाट से संबंधित कोई भी एक्शन नहीं दिखा था।
रांची, जासं। रांची के चर्चित फाइनेंस कर्मी मुकेश जालान हत्याकांड में पकड़े गए मुख्य शूटर समेत दो को जेल भेजा जाएगा। इसके साथ ही रिमांड पर लेने के लिए पुलिस कोर्ट में आवेदन भी देगी। इसके अलावा पुलिस मुख्य शूटर का ब्रेन मैपिंग कराएगी, ताकि सच सामने आ सके। चूंकि इस मामले में पुलिस का खुलासा गले नहीं उतर रहा है। पुलिस ने बताया है कि मुकेश जालान की हत्या लूटपाट के दौरान की गई थी।
जबकि घटना के बाद सामने आई सीसीटीवी फुटेज में लूटपाट से संबंधित कोई भी एक्शन नहीं दिखा था। फुटेज में स्पष्ट तौर पर देखा गया था कि पैदल जा रहे मुकेश जालान की पीछे से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद अपराधी आराम से बाइक से फरार हो गए थे। इस मामले का मुख्य शूटर सन्नी साव उर्फ ठठेरा फरार चल रहा था। इसकी गिरफ्तारी के बाद एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने प्रेस कांफ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा कर लिया।
उन्होंने बताया कि मुख्य शूटर सन्नी और सुमन को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को रातू थाना क्षेत्र के चटकपुर से गिरफ्तार किया गया है। दोनों चटकपुर के ही रहने वाले हैं। एसएसपी ने घटना का खुलासा के साथ ही अपराधियों द्वारा पूछताछ में बताए गए तथ्यों के बारे में बताया। हालांकि कहा है कि इसकी बारीकी से जांच की जाएगी। मुख्य आरोपित के अलावा अन्य को रिमांड पर लेकर पूछताछ किया जाएगा।
पीठ में मारी थी गोली, सीने को छेद कर निकली थी बाहर
अपराधियों ने बीते छह फरवरी की रात मुकेश के पीठ पर गोली मारी थी। गोली सामने सीने को छेद करते हुए निकल गई थी। जहां घटनास्थल है, वह झामुमो नेता नवीन चंचल का गेट है। यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में पूरी तरह कैद हुई थी। इसमें देखा गया था कि एक अपराधी ने पीछे से मुकेश को गोली मारी। इससे मुकेश मुंह के बल सामने गिर गया था। दूसरी जगह के सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि दो बाइक पर तीन-तीन अपराधी कुल छह मौके पर पहुंचे थे।
जो पहले से किशोरगंज रोड नंबर एक पर रेकी कर रहे थे। जैसे ही मुकेश जालान रोड नंबर 1 पर पहुंचे, उन पर एक बाइक पर सवार अपराधियों ने फायरिंग कर दी। इसके बाद पहाड़ी टोला की ओर तेजी से भाग निकले थे। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें ऑर्किड अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
तीन लाख में सुपारी, 24 हजार एडवांस
मुकेश की हत्या के मामले में पूर्व में चार लोग गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। इनमें विकास कुमार साव, राजा कुमार, रोहित कुमार और प्रिंस कुमार को जेल भेजा गया था। पकड़े जाने के बाद बताया था कि मुकेश की हत्या के लिए सन्नी ने तीन लाख रुपये की सुपारी ली थी। सुपारी की रकम में से 24 हजार रुपये एडवांस लिया था। घटना के बाद सन्नी बिहार भाग गया था। वह एक कबाड़ी दुकान में काम कर रहा था। पुलिस से न पकड़ा जाए, इसलिए वह बाहर रहकर सामान्य जीवन जी रहा था। इधर, रांची आने के बाद उसे पुलिस ने दबोच लिया।
संपत्ति विवाद में हत्या की बिंदु पर चल रही जांच
मुकेश जालान की हत्या संपत्ति विवाद में किए जाने की लंबी जांच चली। इस बिंदु पर पुलिस का फोकस भी था। मुकेश जालान की पैतृक संपत्ति की एक जमीन पर अपार्टमेंट का निर्माण चल रहा है। इस जमीन पर विवाद भी चल रहा था। लूटपाट से संबंधित खुलासा आश्चर्य वाली है।
उठते सवाल
पूर्व में पकड़ाए अपराधियों ने सुपारी लेकर हत्या की बात बताई।
सीसीटीवी फुटेज में कोई छीना-झपटी नहीं दिखी, पीछे से अचानक गोली मारी गई।
दो दिन दिन पहले से रेकी की गई।
मुकेश बिना पैसे या बिना बैग के खाली हाथ पैदल जा रहा था, तो लूट जैसी बात कैसे।