प्रखंडकर्मी समय पर कार्यालय आएं, नहीं तो कार्रवाई के लिए रहें तैयार
जिले के लापरवाह कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ उपायुक्त छवि रंजन पूरी सख्ती बरतने के मूड में हैं। इसका संकेत उन्होंने नामकुम प्रखंड सह अंचल कार्यालय के निरीक्षण के बाद जारी की गई चेतावनी में दिया है। उपायुक्त छवि रंजन ने नामकुम प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।
रांची : जिले के लापरवाह कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ उपायुक्त छवि रंजन पूरी सख्ती बरतने के मूड में हैं। इसका संकेत उन्होंने नामकुम प्रखंड सह अंचल कार्यालय के निरीक्षण के बाद जारी की गई चेतावनी में ही दे दिए हैं। बताते चलें कि उपायुक्त छवि रंजन ने नामकुम प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उपायुक्त ने प्रखंड और अंचल कार्यालय में किए जाने वाले कार्यों की कर्मचारियों से विस्तार से जानकारी ली।
औचक निरीक्षण पर प्रखंड सह अंचल कार्यालय नामकुम पहुंचे उपायुक्त छवि रंजन ने पदाधिकारियों और कर्मियों की उपस्थिति की जांच की। उपस्थिति पंजी की जांच करते हुए उपायुक्त ने सभी को ससमय कार्यालय में उपस्थित होकर कार्य निष्पादन का निर्देश दिया। उपायुक्त ने सभी प्रखंड एवं अंचल कर्मियों को समयानुसार आफिस आने का निर्देश दिया, साथ ही कार्रवाई के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी।
प्रखंड कार्यालय में उपायुक्त ने आकस्मिक अवकाश पंजी, आगत निर्गत पंजी, लोकसभा विधानसभा प्रश्नोत्तरी पंजी, सूचना अधिकार पंजी, अंकेक्षण पंजी, वाहन लॉग बुक, जनशिकायत पंजी, पेंशन पंजी, सर्विस बुक की अद्यतन स्थिति आदि की जांच की। जिले से गए पत्रों के कंप्लायंस की जानकारी लेने के साथ-साथ उपायुक्त ने कर्मियों को कार्यशैली को और बेहतर बनाने हेतु दिशा निर्देश दिए।
अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अलग-अलग विभागों को भूमि हस्तांतरण, अतिक्रमण, अवैध जमाबंदी, म्यूटेशन, आगत निर्गत पंजी, नीलाम पत्रवाद, लगान निर्धारण के मामले, जिले से गए पत्रों के कंप्लायंस, कैशबुक एवं अन्य भूमि से संबंधित मामलों की जांच की। इनके साथ अंचल अधिकारी न्यायालय के मामलों की भी जानकारी लेते हुए उपायुक्त ने आवश्यक निर्देश दिए।