गांव तक सरकार की उपलब्धियां पहुंचाएगा भाजपा एसटी मोर्चा
रांची : आदिवासी हितों को लेकर विपक्ष से चल रहे टकराव के बीच भाजपा ने ग्रामीण क्षेत्रों में
रांची : आदिवासी हितों को लेकर विपक्ष से चल रहे टकराव के बीच भाजपा ने ग्रामीण क्षेत्रों में फोकस करना शुरू कर दिया है। इंटरनेट और सोशल मीडिया से कमोबेश दूर रहने वाले इस इलाके तक सरकार की बात पहुंचाने की कमान भाजपा ने अनुसूचित जनजाति मोर्चा को सौंपी है। मोर्चा कार्यकर्ता राज्य के प्रत्येक जिले में पांच दिनों तक पदयात्रा करेंगे और संबंधित जिले के प्रत्येक गांव तक जाने की कोशिश करेंगे। पदयात्रा के दौरान मोर्चा कार्यकर्ता ग्रामीणों को सरकार की उपलब्धियां विशेषकर जनजातीय समुदाय के लिए किए जा रहे कार्यो की जानकारी देंगे। यात्रा का समापन 15 दिसंबर को दुमका में होगा। यात्रा की शुरुआत 14 अगस्त को भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू से हो चुकी है। भाजपा एसटी मोर्चा के अध्यक्ष रामकुमार पाहन प्रत्येक जिले में एक दिन पदयात्रा करेंगे और सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों विशेषकर अनुसूचित जनजाति क्षेत्रों के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यो से ग्रामीण जनता को अवगत कराएंगे।
भाजपा एसटी मोर्चा यात्रा के बहाने ग्रामीण क्षेत्रों में विपक्षी दलों और कुछ संगठनों द्वारा सरकार के खिलाफ फैलाए जा रहे दुष्प्रचार का जवाब भी देगी। साथ ही यह बताने की कोशिश करेगी कि विपक्षी दलों ने सत्ता में रहने के बावजूद आदिवासी हितों के लिए कुछ नहीं किया। इस कड़ी में हाल ही में मुख्यमंत्री रघुवर दास द्वारा लुगुबुरू घंटाबाड़ी महाधर्म सम्मेलन को राजकीय महोत्सव का दर्जा देने और लुगुबुरू घंटाबाड़ी धर्मस्थल को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित किए जाने की राज्य सरकार की घोषणा की जानकारी देते हुए विपक्ष को घेरने का प्रयास भी किया जाएगा। झारखंड के सभी महापुरुषों के गांव को माडल गांव के रूप में विकसित करने की सरकार की पहल की भी जानकारी आदिवासी बहुल गांवों को दी जाएगी।
---