Jharkhand Assembly Election 2019: भाजपा ने पकड़ी रफ्तार, कांग्रेस को अध्यक्ष का इंतजार
विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा को संबल देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और जेपी नड्डा जल्द ही झारखंड दौरे पर आने वाले हैं।
रांची, [जागरण स्पेशल]। महाराष्ट्र, हरियाणा के साथ झारखंड में भी विधानसभा चुनाव (Jharkhand Assembly Election 2019) कराए जाने की चर्चाओं के बीच एक तरफ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने धीरे-धीरे चुनावी रणनीतियों पर अमल करते हुए जहां अब रफ्तार पकड़ ली है। वहीं दूसरी तरफ विरोधी खेमे में अब भी चुनावी तैयारियों को लेकर कोई खास हलचल नहीं दिख रही। कांग्रेस को जहां प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार के इस्तीफे के बाद अब एक नए अध्यक्ष का इंतजार है, वहीं मजबूत विपक्ष के रूप में खुद को आगे रखने की कोशिश में झारखंड नामधारी पार्टियां कमोबेश जनता से जुड़ने की कोशिश में जुटी हुई है।
झारखंड में विधानसभा चुनाव में गिनती के दिन बाकी बचे हैं। ऐसे में विपक्षी महागठबंधन को लेकर भी अब तक कई चीजें अस्पष्ट है। मसलन लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की अगुआई और विधानसभा चुनाव में हेमंत सोरेन का नेतृत्व वाली बात भी आगे नहीं बढ़ पा रही। हालांकि, विपक्षी दलों में शामिल झारखंड मुक्ति मोर्चा, झारखंड विकास मोर्चा, राष्ट्रीय जनता दल के नेता समय आने पर सबकुछ तय कर महागठबंधन में चुनाव लड़ने की बात कह रहे हैं।
भाजपा हुई रेस, अगले महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आएंगे
लोकसभा चुनावों में प्रचंड जीत हासिल कर केंद्र में जिस तरह मोदी सरकार की वापसी हुई है, ठीक उसी तरह झारखंड में विधानसभा चुनाव में 65 प्लस सीटें जीतकर फिर से सत्तासीन होने की कोशिश में जुटी भाजपा की तैयारियों पर नजर डालें तो अब तक वह विपक्षी दलों पर बढ़त बनाई हुई है। सत्ता में वापसी के लिए भाजपा बेहद संजीदगी से संगठन से लेकर सरकार तक सधे कदमों के साथ एक-एक रणनीति पर आगे बढ़ रही है।
बीते दिनाें मुख्यमंत्री रघुवर दास के दिल्ली दौरे के क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अगले माह अपने झारखंड दौरे को हरी झंडी दी, वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में चुनाव लड़ने के संकेत देकर भाजपा की मंशा साफ कर दी। सितंबर महीने के शुरू में वे भी चुनावी तैयारियों को परखने झारखंड पहुंचेंगे। इधर बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी 30 अगस्त को संगठन को धार देने लोहरदगा आएंगे। वहीं झारखंड विधानसभा चुनाव प्रभारी ओम माथुर और चुनाव सह प्रभारी नंदकिशोर यादव भी अगले हफ्ते यहां आकर तैयारियों को जांचेंगे।
कांग्रेस कर रही प्रदेश अध्यक्ष का इंतजार, नेतृत्व नहीं रहने से कार्यकर्ता सुस्त
झारखंड कांग्रेस की जहां तक विधानसभा चुनावों की तैयारियों की बात है तो इसे पहले ही पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार इस्तीफा देकर जोरदार झटका दे चुके हैं। नए सिरे से अध्यक्ष की तलाश के लिए बीते दिन झारखंड दौरे पर आए प्रभारी आरपीएन सिंह ने इस बाबत रायशुमारी की है, लेकिन अब तक किसी नाम की घोषणा नहीं हाे सकी है।
कांग्रेस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष का नाम लगभग तय हो गया है। अगले हफ्ते इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी। बहरहाल प्रदेश अध्यक्ष के लिए कांग्रेस के आदिवासी, मुस्लिम कार्ड के रूप में सुखदेव भगत, कालीचरण मुंडा, आलमगीर आलम और सुबोधकांत सहाय का नाम इस दौड़ में आगे चल रहा है।