रांची में बोले सुधांशु त्रिवेदी, झारखंड में प्रचंड बहुमत से बनेगी सरकार Ranchi News
Jharkhand. अपने एक दिन के रांची प्रवास के दौरान उन्होंने भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया प्रबंधन समिति के सदस्यों और प्रवक्ताओं के साथ बैठक की।
रांची, राज्य ब्यूरो। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन की सरकार ने झारखंड का तेजी से विकास किया है। राज्य के गरीबों के जीवनस्तर में सुधार हुआ है और इसका प्रमाण यूएनडीपी (संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम) की रिपोर्ट है। राज्य में 74 फीसद निर्धनता थी, जो घटकर 45 फीसद हो गई है। बहुमत के कारण ही रघुवर दास सरकार ऐसा कर पाई है। उन्होंने कहा कि राज्य के हालात बहुत बदले-बदले नजर आते हैं, अबकी तो प्रचंड बहुमत की सरकार के आसार नजर आते हैं। सुधांशु त्रिवेदी मंगलवार को भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
सभी घरों को मिलेगी बिजली
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि अब तक की सरकारें सिर्फ इसके आंकड़े जुटाती थीं कि कितने घरों को बिजली मिली और कितने घरों को बिजली देना है। लेकिन, भाजपा सरकार का विचार है कि सभी घरों को बिजली मिलेगी और सबकुछ मिलेगा। राज्य के सुदूर इलाकों में सौर ऊर्जा से बिजली दी जा रही है। नदियों के जरिए जल परिवहन का संचालन शुरू किया गया है। भाजपा सरकार ने बहुआयामी और नई सोच के साथ विकास किया है।
विपक्षी दल पर तंज कसते हुए कहा कि जेएमएम (झारखंड मुक्ति मोर्चा) के नेता ने विश्वास मत के दौरान पैसे लेकर वोट दिया और आदिवासियों के लिए बने कानून को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल किया है। देश में मंदी के सवाल पर सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि पूरे विश्व में मंदी का दौर चल रहा है, लेकिन हमारे देश की अर्थव्यवस्था बढ़ रही है। पहले महंगाई दर अधिक थी, लेकिन अब कम हो गई है। केंद्र सरकार ने हर चुनौती को अवसर में बदला है। इससे भी निपटा जाएगा।
दागी और वंशवाद के सवाल पर उन्होंने कहा कि तीन दशकों तक भ्रष्टाचारियों को महिमामंडित किया गया, लेकिन भाजपा में ऐसा नहीं है। जहां तक वंशवाद का सवाल है, तो वर्तमान में सभी पार्टियों में इसका असर पड़ा है, लेकिन इसकी जननी कांग्रेस पार्टी ही रही है। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा, भाजपा नेता दीपक प्रकाश सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
मंत्री रणधीर सिंह के मामले में होगी कार्रवाई
पूर्व केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा ने कहा कि मंत्री रणधीर सिंह द्वारा कथित भ्रष्टाचार के मामले की जांच कराई जाएगी। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि इस मामले की जांच होगी और जो भी लोग इस मामले में शामिल होंगे, सरकार उनपर सख्त कार्रवाई करेगी।