भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने झारखंड में 8 जिला कार्यालयों का किया ऑनलाइन उद्घाटन
Jharkhand Political Updates. इस ऑनलाइन उद्घाटन कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश बाबूलाल मरांडी और धर्मपाल सिंह ऑनलाइन उपस्थित रहे।
रांची, राज्य ब्यूरो। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को झारखंड में भाजपा के आठ नवनिर्मित जिला कार्यालयों का ऑनलाइन उद्घाटन किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, नेता विधायक दल बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह इस दौरान इस कार्यक्रम में ऑनलाइन उपस्थित रहे। मंगलवार को राज्य के सिमडेगा, लोहरदगा, सरायकेला- खरसांवा, पश्चिमी सिंहभूम, पलामू, रामगढ़ , गिरिडीह और धनबाद जिला कार्यालय का उद्घाटन किया गया।
इस दौरान बाबूलाल मरांडी, जेपी नड्डा आदि नेताओं ने कार्यक्रम को संबोधित किया। भाजपा के प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा ने बताया कि पार्टी ने सभी जिलों में अपना व्यवस्थित और सुविधायुक्त कार्यालय के निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ की थी। इसी क्रम में आठ जिलों के नवनिर्मित कार्यालयों का उद्घाटन राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किया।
प्रदेश की ओर से सिमडेगा में प्रदेश मंत्री मुनेश्वर साहू, लोहरदगा में प्रदेश महामंत्री समीर उरांव, सरायकेला में प्रदेश उपाध्यक्ष गंगोत्री कुजूर, पश्चिमी सिंहभूम में पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, पलामू में प्रदेश मंत्री विवेक भवानी सिंह और प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख मनोज सिंह, रामगढ़ में प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू, गिरिडीह में प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री राज पालिवार तथा धनबाद में विधायक बिरंची नारायण उपस्थित रहे। इस मौके पर कार्यालय परिसर में जनसंघ एवं भाजपा से जुड़े दिवंगत कार्यकर्ताओं के नाम पौधारोपण भी किया गया।