झारखंड में नहीं थम रही भाजपा-झामुमो की रार, बाबूलाल मरांडी बोले- सरकार हमें भी करे गिरफ्तार
Jharkhand Political Update News भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पुलिस प्रशासन के अधिकारी राजनीतिक दल के कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं। उपचुनाव में सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश पर सत्ताधारी दल के नेताओं द्वारा कराई गई एफआइआर का मसला थमता नहीं दिखाई दे रहा है। सोमवार को भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने इस मामले को उठाते हुए कहा कि हमने भी चुनाव प्रचार के दौरान कई बार एनडीए गठबंधन की जीत के साथ ही सरकार की उल्टी गिनती शुरू होने की बात कही है।
यह सरकार हमें भी गिरफ्तार करे। बाबूलाल ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश पर देशद्रोह के मामले में दर्ज प्राथमिकी को हास्यास्पद बताया। बाबूलाल मरांडी ने उपचुनाव के दौरान प्रशासन के लोगों पर सरकार के इशारे पर कठपुतली की तरह काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार में बैठे लोग उपचुनाव में सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर रहे हैं।
पुलिस प्रशासन के अधिकारी राजनीतिक दल के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं। पदाधिकारियों को पैसे और वोट दोनों का टारगेट सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मामलों में चुनाव आयोग को संज्ञान लेते हुए कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। बाबूलाल ने एक बार फिर विश्वास जताया कि उपचुनाव में दुमका और बेरमो दोनों ही सीटों पर एनडीए गठबंधन जीत दर्ज करेगा। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू भी उपस्थित थे।