Jharkhand: दीपक प्रकाश बोले, भाजपा उपचुनाव जीती तो अधिक लंबी नहीं होगी हेमंत सरकार की आयु
BJP Jharkhand झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी अपने ऊपर भरोसा नहीं है और वे कांग्रेस कार्यालय में तैयार शिफ्ट को ही पढ़ते हैं। बताया कि जदयू ने उपचुनाव में भाजपा को समर्थन देने की घोषणा की है।
रांची, राज्य ब्यूरो। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने दावा किया है कि भाजपा दोनों सीटों (दुमका और बेरमो) पर उपचुनाव जीतेगी तो हेमंत सरकार की आयु अधिक लंबी नहीं होगी। उन्हें दोनों सीटों पर जीत का भरोसा भी है। शनिवार को प्रदेश जदयू कार्यालय में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दीपक प्रकाश ने कहा कि जदयू के साथ भाजपा का संपर्क और समर्थन आगे भी रहेगा।
इससे पहले जदयू के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण सिंह ने पहली बार उपचुनाव में भाजपा को समर्थन देने की घोषणा की। दीपक प्रकाश ने कहा कि वर्तमान सरकार से जनता त्रस्त है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी अपने ऊपर भरोसा नहीं है और वे कांग्रेस कार्यालय में तैयार शिफ्ट को ही पढ़ते हैं।
आरोप लगाया कि इस सरकार ने कोरोना संकट में भी 2200 ट्रांसफर किए। दूसरी तरफ अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए केंद्र सरकार आरोप मढ़ रही है। मौके पर जदयू के महासचिव श्रवण कुमार, रांची महानगर अध्यक्ष संजय सहाय आदि उपस्थित थे।