भाजपा का पलटवार, महात्मा गांधी के नाम पर गलत बयानी न करे कांग्रेस Ranchi News
Jharkhand. प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गांधीजी की जीवनी का अध्ययन करके ही कुछ बोलें।
रांची, राज्य ब्यूरो। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने भाजपा वालों को नसीहत देते हुए कहा था कि वे महात्मा गांधी की जीवनी का अध्ययन करके ही कुछ बोलें। प्रतुल ने कहा कि अभी दो दिन पहले ही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव का बहुसंख्यक समाज को आहत करने वाला बयान आया था कि महात्मा गांधी ने लोगों को मंदिरों में जाने से मना किया था, क्योंकि मंदिर में भगवान नहीं, कूड़ा-कचरा रहता है।
प्रतुल ने कहा कि अपनी बात को पुष्ट करने के लिए रामेश्वर उरांव एक विवादास्पद लेखक प्रमोद कपूर की किताब 'गांधी - इलेस्ट्रेटेड बायोग्राफी' का उल्लेख किया था। प्रतुल ने कहा कि अगर रामेश्वर उरांव इस पुस्तक को महात्मा गांधी के जीवन को दिखाने वाली आदर्श पुस्तक मानते हैं, तो यह बेहद खेदपूर्ण है। क्योंकि, इस पुस्तक में लेखक ने महात्मा गांधी के बारे में अनेक आपत्तिजनक बातें लिखी हैं।
प्रमोद कपूर ने एक जगह गलतबयानी करते हुए दुर्भावना से प्रेरित होकर यह भी लिखा है कि महात्मा गांधी तानाशाह प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। कपूर ने एक दूसरी जगह शर्मनाक तरीके से उल्लेख किया है कि महात्मा गांधी अपने परिजनों पर हाथ उठाया करते थे। यह बहुत ही शर्मनाक बात है कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष महात्मा गांधी की जीवनी को प्रमोद कपूर जैसे लेखकों की किताब से उल्लेखित कर रहे हैं। जबकि, आदर्श रूप से उन्हें महात्मा गांधी के द्वारा खुद से लिखी गई पुस्तक 'माई एक्सपेरीमेंट विद ट्रुथ' को पढऩा चाहिए था।