भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति राज्यसभा चुनाव के लिए करेगी प्रत्याशी की घोषणा
Jharkhand. झारखंड भाजपा प्रदेश कार्यालय में रविवार को राज्यसभा चुनाव को लेकर बैठक हुई। बैठक में कई नेता मौजूद रहे।
रांची, जेएनएन। भाजपा प्रदेश चुनाव समिति ने प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, नेता विधायक दल बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह को राज्यसभा चुनाव के बाबत निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया है। प्रदेश चुनाव समिति की अनुशंसा पर केंद्रीय समिति विचार करने के बाद प्रत्याशी की घोषणा करेगी। रविवार को प्रदेश कार्यालय में राज्यसभा चुनाव के बाबत हुई चुनाव समिति की बैठक में चर्चा की गई और चर्चा के बाद पार्टी के शीर्ष नेताओं को फैसला लेने के लिए अधिकृत किया गया।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, निवर्तमान अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री सह सांसद सुनील कुमार सिंह, सांसद सुदर्शन भगत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रवींद्र कुमार राय, राकेश प्रसाद, श्यामनारायण दुबे, विधायक केदार हाजरा, महिला मोर्चा अध्यक्ष आरती सिंह उपस्थित थे।
बैठक के बाद महामंत्री सुनील सिंह ने बताया कि बैठक में राज्यसभा चुनाव की दृष्टि से सभी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा के बाद समिति ने निर्णय के लिए प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, नेता विधायक दल बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह को अधिकृत किया है। सुनील सिंह ने दावा किया कि पार्टी के पास चुनाव जीतने के लिए पर्याप्त संख्या बल है।
संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप नेता प्रतिपक्ष घोषित करें विधानसभा अध्यक्ष
सुनील सिंह ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के मुद्दे पर जारी गतिरोध पर कहा कि सदन के सफल संचालन के लिए पक्ष के साथ विपक्ष का नेता भी आवश्यक हैं। पार्टी ने नेता विधायक दल का चुनाव कर स्पीकर को विधिवत सूचित भी कर दिया है। अब तो चुनाव आयोग ने भी झाविमो के भाजपा में विलय की पुष्टि कर दी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष को शीघ्र निर्णय लेते हुए गतिरोध दूर करना चाहिए।