Khunti, Jharkhand Lok Sabha Election 2019: अर्जुन मुंडा ने डाला वोट, खूंटी में 63.99 फीसद मतदान
Jharkhand Lok Sabha Election 2019 Phase 5 Live Updates. खूंटी में पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा और कालीचरण मुंडा के बीच सीधा मुकाबला की बात कही जा रही है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Lok Sabha Election 2019 Phase 5 Live Updates - झारखंड में लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में खूंटी में पूरे उत्साह से वोटिंग हुुई। हर मतदान केंद्र पर वोटरों की लंबी कतारें लगी रही। प्राप्त आकंड़ों के अनुसार खूंटी में 63.99 फीसद मतदान हुआ। लोकतंत्र के उत्सव में शरीक होने यहां बड़ी संख्या में युवा और महिलाएं पहुंची। दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं में भी भारी उत्साह देखा गया।
ईवीएम खराब होने से खूंटी के खरसावां में एक घंटे देर से शुरू हुआ मतदान
खूंटी संसदीय क्षेत्र के खरसावां विधानसभा क्षेत्र में मतदान एक घंटे विलंब से शुरू हुआ। यहां दर्जन भर से अधिक बूथों पर ईवीएम की खराबी की वजह से मतदाताओं को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। खरसावां के खेलारीसाई बूथ पर एक मतदाता खड़े-खड़े चकरा कर गिर गया। बूथों के प्रेसाइडिंग अधिकारी फोन पर फोन कर रहे थे लेकिन, कोई सुनने वाला नहीं था। बाद में उपायुक्त को फोन किया गया तब जाकर बूथों पर इंजीनियर पहुंचे और ईवीएम ठीक की गई।
इसके बाद यहां बंपर मतदान शुरू हुआ। इस इलाके का बूथ नंबर 171, 172, 164, 264 आदि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की खचाखच भीड़ थी। इनमें सबसे अधिक महिला मतदाताओं की संख्या थी। सुबह 11.00 बजे तक 33 फीसदी मतदान हो गया था। खरसावां के खेलारीसाई बूथ पर पौने सात बजे मतदाताओं की लंबी कतार लग गई थी। प्रेसाइडिंग अफसर जवाहरलाल सिंह मुंडा ने मॉक पोल कर लिया था। लेकिन, जब मतदान शुरू हुआ तो पता चला कि मशीन खराब है। इस पर मतदान अधिकारी ने बीडीओ को फोन किया। तकरीबन एक घंटे बाद ईवीएम ठीक होने पर 8.09 बजे मतदान शुरू हुआ।
अर्जुन मुंडा व उनकी पत्नी ने डाले वोट
खूंटी संसदीय क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार अर्जुन मुंडा और उनकी पत्नी मीरा मुंडा ने खरसावां विधानसभा क्षेत्र के खेलारीसाई बूथ पर अपना वोट डाला। उन्हें सुबह सात बजे ही वोट डालना था। लेकिन, इस बूथ की ईवीएम खराब होने से वो साढ़े आठ बजे वोट डालने पहुंचे। अर्जुन मुंडा और उनकी पत्नी मीरा मुंडा लाइन में लगे और अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि खूंटी संसदीय क्षेत्र की जनता उन्हें जिताना चाहती है। वो मतदान के लिए उमड़ पड़ी है। वो भारी मतों से चुनाव जीतेंगे। जीतने के बाद उन्होंने इस संसदीय क्षेत्र का विकास करने की बात कही। उन्होंने कहा कि वो चाहते हैं कि आदिवासी मूलवासी संवैधानिक तौर से सशक्त हों और क्षेत्र का विकास हो।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप