Move to Jagran APP

बाबूलाल बने BJP विधायक दल के नेता, नेता प्रतिपक्ष को मिल रहीं ताबड़तोड़ बधाइयां VIDEO

सोमवार को रांची के भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा के विधायक दल की बैठक हुई। इस अहम बैठक में पूर्व मुख्‍यमंत्री बाबूलाल मरांडी को विधायक दल का नेता चुना गया।

By Alok ShahiEdited By: Published: Mon, 24 Feb 2020 11:11 AM (IST)Updated: Tue, 25 Feb 2020 01:02 PM (IST)
बाबूलाल बने BJP विधायक दल के नेता, नेता प्रतिपक्ष को मिल रहीं ताबड़तोड़ बधाइयां VIDEO
बाबूलाल बने BJP विधायक दल के नेता, नेता प्रतिपक्ष को मिल रहीं ताबड़तोड़ बधाइयां VIDEO

रांची, राज्य ब्यूरो। भाजपा में शामिल होने के ठीक एक सप्ताह बाद बाबूलाल मरांडी की पार्टी विधायक दल के नेता के रूप में विधिवत ताजपोशी सोमवार को हुई। केंद्रीय पर्यवेक्षक पी मुरलीधर राव की उपस्थिति में भाजपा विधायकों ने सर्वसम्मति से मरांडी के नाम पर मुहर लगाई। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह और प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा समेत पार्टी के 25 विधायक मौजूद थे। विधायक ढुलू महतो को छोड़कर भाजपा के सभी विधायकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

loksabha election banner

भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने की लिखित सूचना विधानसभा अध्यक्ष को भी दे ही है। जाहिर है सदन में बाबूलाल मरांडी नेता प्रतिपक्ष की भूमिका का निर्वाह करेंगे। भाजपा विधायक दल के नेता के चयन के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राष्ट्रीय महामंत्री मुरलीधर राव को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्ति किया था। दोपहर डेढ़ बजे शुरू हुई भाजपा विधायकों की बैठक में विधायक अनंत ओझा ने बतौर प्रस्तावक बाबूलाल मरांडी का नाम प्रस्तावित किया, जिसका अनुमोदन विधायक नीलकंड सिंह मुंडा, बिरंची नारायण और केदार हाजरा ने किया।

भाजपा के सभी विधायकों ने प्रस्ताव का समर्थन हाथ उठा कर दिया और केंद्रीय पर्यवेक्षक ने भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में बाबूलाल मरांडी के नाम की घोषणा की। विधायकों ने हस्ताक्षर कर अपनी लिखित सहमति भी मरांडी के नाम पर दी। मरांडी के नाम की घोषणा के साथ ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। नेताओं और विधायकों ने उन्हें पुष्प गुच्छ एवं अंग वस्त्र देकर स्वागत किया। इस मौके पर संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, महामंत्री एवं सांसद सुनील सिंह, दीपक प्रकाश सहित सभी विधायक उपस्थित थे।

अर्जुन मुंडा और रघुवर दास ने मरांडी को दी बधाई

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत प्रदेश भाजपा के तमाम शीर्ष नेताओं ने बाबूलाल मरांडी के विधायक दल का नेता चुने जाने पर उन्हें बधाई दी है। अर्जुन मुंडा ने प्रदेश कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से बाबूलाल मरांडी से मुलाकात कर उन्हें विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई दी। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपने बधाई संदेश में मरांडी को एक कुशल नेता, प्रखर वक्ता और सुलझे हुए प्रशासक बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि मरांडी सक्षम प्रतिपक्ष के नेता के रूप में विधानसभा के भीतर और बाहर राज्यहित में अपनी भूमिका निभाएंगे। कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने बाबूलाल मरांडी को बधाई देते हुए कहा कि मरांडी राज्य की जनता के हित में विधानसभा के अंदर और बाहर प्रतिपक्ष के नेता के रूप में अहम भूमिका निभाएंगे।

ढुलू महतो छोड़ सभी विधायक थे उपस्थित

भाजपा विधायक दल की बैठक में ढुलू महतो को छोड़कर भाजपा के सभी विधायक उपस्थित थे। बैठक में अनंत ओझा, रणधीर सिंह, नारायण दास, अमित मंडल, नीरा यादव, अपर्णा सेन गुप्ता, पुष्पा देवी, अमित मंडल, जेपी पटेल, मनीष जायसवाल, किशुन दास, केदार हाजरा, बिरंची नारायण, अमर बाउरी, इंद्रजीत महतो, राज सिन्हा, कोचे मुंडा, नीलकंठ सिंह मुंडा, सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, समरी लाल, शशिभूषण मेहता, आलोक चौरसिया, रामचंद्र चंद्रवंशी, भानु प्रताप शाही और बाबूलाल मरांडी उपस्थित रहे।

बाबूलाल के विधायक दल के नेता बनने पर किसने क्या कहा

मैं जनता के बीच घूमकर पार्टी की सेवा करना चाहता था, परंतु पार्टी ने मुझे जो दायित्व सौंपा है मैं उसके प्रति हृदय से आभारी हूं। सबका प्यार व सहयोग बना रहे, वही हमारी ताकत होगी। बाबूलाल मरांडी, नेता भाजपा विधायक दल

बाबूलाल मरांडी वर्षों तक स्वतंत्र घूमते रहे। अब पार्टी ने सदन से सड़क तक भाजपा को सींचने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका सौंपी है। बाबूलाल मरांडी को पार्टी के उच्च मानकों के आधार पर सर्व सम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया है। पार्टी के विधायक टीम भावना से इनके नेतृत्व में कार्य करेंगे। पी मुरलीधर राव, राष्ट्रीय महामंत्री सह केंद्रीय पर्यवेक्षक

बाबूलाल मरांडी विचार, मन और सिद्धांत से कभी बाहर नही गए थे। आज पार्टी ने इन्हें विधायक दल का नेता बनाया है। भाजपा विधानसभा मे इनके नेतृत्व में एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी। बाबूलाल मरांडी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की भावनाओं का सम्मान किया है। ओम प्रकाश माथुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भाजपा

बाबूलाल मरांडी अनुभवी एवं संघर्षशील नेता हैं। झारखंड के कण-कण से इनका परिचय है। पार्टी इनके नेतृत्व में सदन से सड़क तक राज्य हित में जन विरोधी सरकार के खिलाफ संघर्ष करेगी। अरुण सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री, भाजपा

बाबूलाल मरांडी बने भाजपा विधायक दल के नेता

भाजपा विधायकों के नेता के तौर पर बाबूलाल मरांडी की औपचारिक ताजपोशी हो गई है। रांची में भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा विधायक दल की सोमवार को हुई बैठक में इसकी घोषणा की गई। इस अहम बैठक में बाबूलाल के नाम पर भाजपा के 25 विधायकों की मुहर लगी। इसके साथ ही भाजपा के 26 विधायकों की ओर से बाबूलाल मरांडी झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बन गए हैं। पूर्व मुख्‍यमंत्री रघुवर दास ने बाबूलाल मरांडी के नेता प्रतिपक्ष बनने पर बधाई दी है। बाबूलाल ने इस मौके पर कहा कि केंद्रीय नेतृत्‍व ने जो जिम्‍मेवारी सौंपी है, उसका पूरी क्षमता से निर्वहन करुंगा। भले में 14 साल बाहर रहा, लेकिन कहीं गया नहीं था, फिर से पार्टी में वापस आया हूं। अपने घर लौटकर मुझे बहुत अच्‍छा लग रहा है। हम सब पूरी ताकत से भाजपा को आगे बढ़ाएंगे।

भाजपा ने विधानसभा को दी सूचना, सदन में होंगे नेता प्रतिपक्ष

केन्द्रीय मंत्री  अर्जुन मुंडा ने भाजपा कार्यालय पहुंचकर  बाबूलाल मरांडी को भाजपा विधायक दल का नेता बनने पर बधाई दी है। इधर बाबूलाल मरांडी के भाजपा विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद झारखंड की मुख्‍य विपक्षी दल भाजपा की ओर से झारखंड विधानसभाअध्‍यक्ष रवींद्र नाथ महतो को औपचारिक रूप से पत्र भेजकर उन्‍हें सदन में नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने का आग्रह किया है।

भाजपा विधायकों ने सर्वसम्मति से लगाई मरांडी के नाम पर मुहर

भाजपा विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से बाबूलाल मरांडी को विधायक दल का नेता चुना गया। भाजपा विधायक अनंत ओझा ने बाबूलाल के नाम का  प्रस्ताव रखा, समर्थन विधायक बिरंची नारायण, केदार हाजरा और नीलकंठ सिंह मुंडा ने किया। इस मौके पर बाबूलाल मरांडी ने कहा, मैं कहीं गया नहीं था। बाहर हम संघर्ष करते रहे। फिर से परिवार में आएं हैं, आपका सहयोग बना रहे वही हमारी ताकत होगी।

बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर राष्‍ट्रीय महामंत्री पी मुरलीधर राव, भाजपा के संगठन मंत्री अरुण सिंह और भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर मौजूद रहे। झारखंड विकास मोर्चा का भाजपा में विलय के बाद पहले ही बाबूलाल का कद बढ़ गया है। अब विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद मुख्‍य विपक्षी दल भाजपा की ओर से नेता प्रतिपक्ष की हैसियत में आ गए। बैठक में विधायक दल के नेता के चयन के बाद विधायकों ने भारत माता की जय के नारे लगाए। नेता प्रतिपक्ष बनते ही बाबूलाल को बधाइयों का तांता लग गया है।

बाबूलाल मरांडी के भाजपा विधायक दल के नेता चुने जाने पर राष्‍ट्रीय महामंत्री मुरलीधर राव ने कहा कि बाबूलाल जी से व्यक्तिगत संबंध रहा है। मेरे लिए आज हर्ष का विषय है। आने वाले दिनों में भाजपा की मजबूती के लिए हमें मिलजुल कर काम करना है। झारखंड में जनाधार बढ़ाने के लिए बाबूलाल जी अपनी सक्रियता प्रदर्शित करते रहेंगे। आने वाले दिनों में कई कार्यक्रम होंगे। सीएए और भारत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं घर-घर तक पहुंचाना है। सबके सहयोग के साथ चलना है। नई सरकार से राज्य में  बन रही परिस्थिति से लोगों को अवगत कराना है। हमें चुनौती को अवसर में बदलना है।

भाजपा विधायक दल की इस बैठक के लिए राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने मुरलीधर राव को केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर नियुक्‍त किया था। उनके साथ अरुण सिंह और ओम माथुर भी इस अहम बैठक में शामिल हुए। भाजपा के राष्‍ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने बाबूलाल मरांडी के नाम का विधायक दल के नेता के तौर पर एलान किया। बाबूलाल समेत अब भाजपा के कुल 26 विधायक हो गए हैं। इस बैठक में भाजपा के नए प्रदेश अध्‍यक्ष के बाबत भी अहम चर्चा हुई। सभी विधायकों से अध्‍यक्ष के मसले पर रायशुमारी की गई है।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी को मिल रहीं ताबड़तोड़ बधाइयां

झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री रहे बाबूलाल मरांडी जी को झारखंड भाजपा के विधायक दल के नेता एवं प्रतिपक्ष नेता के पद पर सर्वसम्मति से चयन किए जाने पर बधाई। वे कुशल नेता, प्रखर वक्ता और सुलझे हुए प्रशासक हैं। सदन और सदन के बाहर राज्य हित से जुड़े मुद्दों पर उनकी भूमिका अहम रहेगी। रघुवर दास, पूर्व मुख्‍यमंत्री झारखंड

अभी थोड़ी देर पहले बाबूलाल मरांडी जी से एक मुलाकात। वही सहजता, वही सौम्यता और वही अपनत्व। लम्बे समय के बाद मिलना और फिर कई पुरानी यादें ताजा हुई। वर्तमान राजनैतिक परिदृश्य पर चर्चा भी हुई। संजय सेठ, सांसद रांची 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.