बंधु तिर्की ने नहीं दिया कारण बताओ नोटिस का जवाब, झाविमो के भाजपा में विलय का कर रहे विरोध
Babulal Joins BJP बंधु तिर्की ने कहा कि उन्होंने आरंभ से भाजपा विरोध की राजनीति की है। यही कारण है कि वे अपना पक्ष पूर्व में ही बाबूलाल मरांडी के समक्ष स्पष्ट कर चुके हैैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। Babulal Joins BJP झाविमो विधायक बंधु तिर्की ने संगठन के कारण बताओ नोटिस का जवाब नहीं दिया है। प्रधान महासचिव अभय सिंह ने इसकी पुष्टि की है। गौरतलब है कि झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) ने बंधु तिर्की को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया था। बंधु तिर्की ने कहा था कि वे सोमवार को जवाब सौंप देंगे। दरअसल, झाविमो के भाजपा में विलय का विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और बंधु तिर्की विरोध कर रहे हैं। इसी वजह से संगठन की नई कार्यकारिणी में दोनों विधायकों को महत्वपूर्ण पद नहीं दिया गया है।
इससे पूर्व बंधु तिर्की ने कहा था कि वे झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी का बहुत सम्मान करते हैं और उन्हें धर्मसंकट में नहीं डालना चाहते। कोई कहीं भी जाने को स्वतंत्र है, लेकिन उन्होंने आरंभ से भाजपा विरोध की राजनीति की है। यही कारण है कि वे अपना पक्ष पूर्व में ही बाबूलाल मरांडी के समक्ष स्पष्ट कर चुके हैं।