प्रदीप-बंधु कहीं भी जाने को स्वतंत्र : बाबूलाल
राज्य ब्यूरो रांची झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि विधायक प्रदीप यादव और बंधु तिर्की किसी पार्टी में जाने के लिए स्वतंत्र हैं। उल्लेखनीय है कि जेवीएम का भाजपा में विलय होना तय हो गया है।
राज्य ब्यूरो, रांची : झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि विधायक प्रदीप यादव और बंधु तिर्की किसी भी दल में जाने के लिए स्वतंत्र हैं। नई दिल्ली से लौटने के बाद वे झाविमो कार्यालय में मीडिया से रूबरू थे।
उन्होंने कहा कि दोनों विधायक अपना फैसला ले सकते हैं। वैचारिक मतभेद किसी के साथ भी हो सकते हैं। भाजपा में शामिल होने की तिथि को लेकर कहा कि वे मंगलवार को कार्यकारिणी के साथ बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
लोग भाजपा में शामिल होने की तिथि के बारे में अटकलें लगाने को स्वतंत्र हैं। मंगलवार को कार्यकारिणी की बैठक चिरौंदी स्थित आशीर्वाद बैक्वेट में होगी।
बैठक सुबह 11 बजे आरंभ होगी। इसमें लिए गए निर्णय की जानकारी दोपहर दो बजे स्वयं बाबूलाल मरांडी मीडिया को देंगे।
बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को झाविमो के प्रमुख नेताओं के साथ पार्टी कार्यकारिणी की बैठक को लेकर भी मंत्रणा की।
जानकारी के मुताबिक उन्होंने भाजपा के साथ समन्वय बनाने का निर्देश दिया है। इस कार्य में उन्होंने विश्वस्त नेताओं को लगाया है।
उन्होंने वरीय नेताओं को नई दिल्ली में भाजपा के प्रमुख नेताओं संग हुई बातचीत का ब्यौरा दिया। यह भी बताया कि प्रदीप यादव और बंधु तिर्की को हटाने के पीछे क्या वजह थी।
उन्होंने बताया कि भाजपा में शामिल होने को लेकर तिथि और रैली का स्थान तय करने का जिम्मा भी भाजपा के नेताओं पर है। क्या भूमिका होगी बाबूलाल मरांडी की
-केंद्र सरकार में बनाए जा सकते हैं मंत्री।
-प्रदेश अध्यक्ष अथवा विधानसभा में भाजपा विधायक दल के नेता की भी मिल सकती है जिम्मेदारी। आजसू ने की शराबबंदी की माग
रांची : गोमिया से आजसू विधायक डॉ. लंबोदर महतो ने राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू करने की मांग की है। इसे लेकर उन्होंने उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री जगरनाथ महतो को पत्र लिखा है। उन्होंने अपने पत्र में कहा है कि शराब के सेवन से आए दिन राज्य में सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, सामाजिक तानाबाना टूट रहा है और हिसात्मक घटनाएं बढ़ रही हैं। कहा है कि राज्य में मद्यपान जानलेवा बन चुका है इसके सेवन से शारीरिक मानसिक एवं आर्थिक क्षति हो रही है। दूसरी तरफ, गुजरात, नगालैंड, मिजोरम एवं बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू की जा चुकी है जिसका बेहतर परिणाम भी आया है।
जदयू आज करेगा हार की समीक्षा
रांची : जदयू की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में होगी। इसमें विधानसभा चुनाव में पार्टी की हुई हार की समीक्षा तथा आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। इसमें प्रदेश प्रभारी रामसेवक सिंह, सह प्रभारी अरुण कुमार, प्रदेश अध्यक्ष सालखन मुर्मू आदि शिरकत करेंगे।