Move to Jagran APP

Ayodhya Ram Mandir: कांग्रेसी विधायकों का राममंदिर राग, मंदिर निर्माण में चाहते हैं सोनिया-राहुल की बड़ी भूमिका

Ayodhya Ram Mandir Construction झारखंड में कांग्रेस के कई विधायकों ने कहा कि भाजपा को राम मंदिर निर्माण का अकेले क्रेडिट न लेने दिया जाए पार्टी इस मामले में खुलकर सामने आए।

By Alok ShahiEdited By: Published: Tue, 21 Jul 2020 09:14 PM (IST)Updated: Wed, 22 Jul 2020 04:18 AM (IST)
Ayodhya Ram Mandir: कांग्रेसी विधायकों का राममंदिर राग, मंदिर निर्माण में चाहते हैं सोनिया-राहुल की बड़ी भूमिका
Ayodhya Ram Mandir: कांग्रेसी विधायकों का राममंदिर राग, मंदिर निर्माण में चाहते हैं सोनिया-राहुल की बड़ी भूमिका

रांची, राज्य ब्यूरो। राम मंदिर निर्माण के मुद्दे पर झारखंड के कांग्रेस विधायक पार्टी की सक्रिय भूमिका के पक्ष में गोलबंद होते दिख रहे हैं। एक दिन पूर्व विधायक प्रदीप यादव ने राहुल गांधी समेत कई धर्मनिरपेक्ष दलों के नेताओं को पत्र लिखकर आगाह किया था कि राम मंदिर निर्माण में अगर धर्मनिरपेक्ष दल खुद को अलग रहते हैं तो इस मुद्दे पर एक ही दल को राजनीति करने का मौका मिल जाएगा। उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह में भी कांग्रेस की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखा है।

loksabha election banner

पांच बार विधायक और गोड्डा से सांसद रह चुके प्रदीप यादव की पहचान एक मुखर वक्ता की रही है। बाबूलाल मरांडी जब भाजपा से अलग हुए तो प्रदीप भी उनके साथ पार्टी छोड़ गए थे और लंबे समय तक दोनों झारखंड विकास मोर्चा की पहचान रहे। चुनाव के बाद बाबूलाल ने झाविमो का विलय भाजपा में कर लिया तो प्रदीप यादव विधायक बंधु तिर्की के साथ कांग्रेस में चले गए। 

प्रदीप यादव के राम मंदिर के मुद्दे पर दैनिक जागरण ने झारखंड में कांग्रेस के विधायकों से बात की और पाया कि नए विधायक प्रदीप यादव की बातों से सहमत हैं। कांग्रेस विधायक विक्सल कोंगाड़ी, पूर्णिमा नीरज सिंह, इरफान अंसारी, बंधु तिर्की, उमाशंकर अकेला जैसे विधायक चाहते हैं कि कांग्रेस की सक्रिय भूमिका तय हो ताकि राम मंदिर निर्माण का श्रेय लेने से भाजपा को रोका जा सके। हालांकि उन्हें पार्टी की लाइन का भी इंतजार है। 

राजीव गांधी को भाजपा नेताओं से अधिक श्रेय : अकेला

बरही विधायक उमाशंकर अकेला ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को इस मसले पर किसी भी नेता से अधिक श्रेय जाता है। दशकों से मंदिर में लगे ताले को उन्होंने ने ही खुलवाया था। भाजपा ओछी राजनीति कर रही। मंदिर निर्माण में सबको सहयोग करना चाहिए। 

भगवान श्रीराम सभी के, भाजपा का पेटेंट नहीं : कोंगाड़ी

सिमडेगा के कोलेबिरा क्षेत्र से विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने स्पष्ट कहा कि भगवान श्रीराम सभी के भगवान हैं। इसके नाम पर भाजपा को राजनीति की इजाजत नहीं दी जा सकती है। 

प्रदीप यादव ने बिल्कुल सही मुद्दा उठाया है : बंधु तिर्की

मांडर विधायक बंधु तिर्की ने प्रदीप यादव के स्तर से उठाए मुद्दे को सही करार दिया। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण में सबकी भूमिका होनी चाहिए। इस मुद्दे पर भाजपा को राजनीति करने की छूट नहीं देनी चाहिए। मंदिर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर बन रहा है। 

श्रीराम मंदिर निर्माण में सभी दलों की भागीदारी होनी चाहिए : पूर्णिमा

प्रभु श्रीराम सबके हैं। अयोध्या में श्रीराम मंदिर बनने को लेकर अब कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट के ने सैकड़ों वर्ष पुराने विवादित मामले का निष्कर्ष निकाला है। पांच अगस्त को अयोध्या में मंदिर निर्माण के भूमि पूजन में सभी दलों के लोगों को आमंत्रित किया जाना चाहिए। अयोध्या में अब श्रीराम मंदिर का निर्माण सर्वदलीय प्रयास से होना चाहिए। 

लॉकडाउन के बाद होता कार्यक्रम तो हम भी जाते : इरफान

प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इरफान अंसारी ने कहा कि राम मंदिर का निर्माण लॉकडाउन के बाद होता तो कार्यक्रम में हम भी जाते। कांग्रेस अध्यक्ष को पत्र लिखने की हमारी हैसियत नहीं। 

पार्टी लाइन पर काम करेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता : रामेश्वर उरांव

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने इस मुद्दे पर स्पष्ट कहा कि पार्टी लाइन पर पार्टी के नेता और कार्यकर्ता काम करेंगे। उन्होंने प्रदीप यादव की चिट्ठी पर टिप्पणी से इन्कार करते हुए कहा कि कांग्रेस के सिपाही अपने नेता की बात पर काम करेंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.