आरएसएस की कार्यकारी मंडल की बैठक 28 से, बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले को लेकर प्रस्ताव हो सकता पारित
RSS News Attack on Hindus in Bangladesh मंगलवार को धारवाड़ में जानकारी देते हुए संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कहा कि हिंदुओं पर हो रहे हमले से संघ काफी चिंतित है। बैठक में आगामी कार्य विस्तार पर भी चर्चा होगी।
रांची, [संजय कुमार]। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तीन दिवसीय अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक 28 अक्टूबर से कर्नाटक के धारवाड़ में प्रारंभ हो रही है। दो वर्ष बाद पूर्ण उपस्थिति में हो रही इस बैठक में कई विषयों पर चर्चाएं की जाएंगी। बांग्लादेश में दुर्गा पूजा के दौरान हिंदुओं पर हुए हमले व मंदिरों को तोड़े जाने से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ काफी चिंतित है। संघ की कार्यकारी मंडल की बैठक में इस पर चर्चा होगी और सबकी सहमति बनी तो संघ कोई प्रस्ताव भी पारित कर सकता है।
इस संबंध में मंगलवार को धारवाड़ में जानकारी देते हुए संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कहा कि हिंदुओं पर हो रहे हमले से संघ काफी चिंतित है। इसलिए इस बैठक में इस महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा की जाएगी। सुनील आंबेकर ने कहा कि 28 अक्टूबर को 9 बजे बैठक प्रारंभ होगी। इसमें अखिल भारतीय अधिकारी के साथ-साथ सभी क्षेत्रों व प्रांतों के प्रांत संघचालक, कार्यवाह और प्रचारक भाग लेंगे। कुछ विविध संगठन के संगठन मंत्री भी रहेंगे।
आगामी कार्य विस्तार पर होगी चर्चा
आंबेकर ने कहा कि इस बैठक में संघ की आगामी कार्य विस्तार पर भी चर्चा होगी। कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण वर्ग पर भी चर्चाएं की जाएंगी। अपने स्थापना के शताब्दी वर्ष तक संघ उन सभी स्थानों तक पहुंचने की योजना बना रहा है, जहां तक अब तक संघ का कार्य नहीं पहुंचा है। इसलिए इस बैठक में तीन वर्ष की कार्य योजना पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस बैठक में हम आगामी वर्ष की योजना बनाते हैं और पिछले वर्ष की समीक्षा करते हैं। अगले वर्ष क्या-क्या काम किन क्षेत्रों में हमें करना है, इस पर भी चर्चा होगी। कहा, अमृत महोत्सव पूरा देश मना रहा है। संघ की भी इसमें भागीदारी हो, इसकी भी इस बैठक में चर्चा होगी।
कोरोना की तीसरी लहर की संभावना व बचाव पर होगी चर्चा
प्रचार प्रमुख ने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए संघ ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। डेढ़ लाख स्थानों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया है। संघ के कार्यकर्ता पूरी तरह प्रशिक्षित हो चुके हैं। जरूरत पड़ने पर वह मरीजों की मदद कर सकते हैं। इस बैठक में इस पर विस्तृत चर्चा होगी।
उन विषयों को सामने लाया जाएगा, जिनको आज तक लोग जानते नहीं हैं। इसके साथ ही गुरु तेग बहादुर जी का 400वीं प्रकाश वर्ष मनाया जा रहा है। इसे मनाने को लेकर भी बैठक में चर्चाएं की जाएंगी। इस मौके पर सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र ठाकुर भी उपस्थित थे।