UPSC Civil Services Result 2018: सेल्फ स्टडी है शिवाशीष की यूपीएससी में सफलता का राज
UPSC Civil Services Result 2018. शिवाशीष ने रांची के डीएवी कपिलदेव से दसवीं डीपीएस रांची से 12वीं और आइआइटी बीएचयू से बीटेक किया है।
रांची, जासं। UPSC Civil Services Result 2018 - यूपीएससी की परीक्षा में रांची के अरगोड़ा के शिवाशीष ने तीसरी बार में 368वां रैंक प्राप्त किया है। शिवाशीष ने डीएवी कपिलदेव से दसवीं, डीपीएस रांची से 12वीं और आइआइटी बीएचयू से बीटेक किया। शिवाशीष ने ग्रेजुएशन के बाद पुणे में सिटी बैंक में एक साल नौकरी की। नौकरी छोड़ कर तैयारी करने आए। दो साल तक रांची में ही रह कर तैयारी की।
प्रिलिम्स क्लियर करने के बाद, इंटरव्यू के लिए 4 महीने दिल्ली में रहे। शिवाशीष बताते हैं कि इंटरव्यू के लिए उन्हें एक बेहतर सर्किल की जरूरत थी। इसलिए वे रांची से दिल्ली चले गए। शिवाशीष के पिता राघवेंद्र चौधरी सिंचाई विभाग में अभियंता हैं। माता ममता झा गृहिणी हैं। वे बताते हैं कि उन्होंने परीक्षा के लिए 12 घंटों की तैयारी की है। सेल्फ स्टडीज को अपनी सफलता का राज मानते हैं।
उन्होंने अपनी पढ़ाई के साथ-साथ ऑनलाइन टेस्ट सिरीज ज्वाइन किया था। कुछ ऑनलाइन स्टडी मैटेरियल से भी मदद ली थी। रांची में सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं से वे कहते हैं कि स्थान से कोई फर्क नहीं पड़ता है, अपनी ओर से मेहनत जारी रहनी चाहिए।