खामियां और लापरवाही देख भड़के डीडीसी, अधिकारियों-कर्मचारियों के कसे पेंच
उप विकास अनन्य मित्तल का पारा उस समय चढ़ गया जब उन्होंने अपने दौरे के दौरान कई खामियां देखी। इसके बाद उन्होंने कर्मचारियों और अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। साथ ही स्पष्ट चेतावनी भी दी कि यदि नहीं सुधरे तो कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
रांची, जासं । उप विकास अनन्य मित्तल का पारा उस समय चढ़ गया जब उन्होंने अपने दौरे के दौरान कई खामियां देखी। इसके बाद उन्होंने कर्मचारियों और अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। साथ ही स्पष्ट चेतावनी भी दी कि यदि नहीं सुधरे तो कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। दरअसल, उप विकास आयुक्त अनन्य मित्तल ने सोमवार को खलारी प्रखंड का दौरा किया। यहां उन्होंने विभिन्न पंचायतों का भ्रमण कर अलग-अलग विकास योजनाओं के तहत किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया। निरीक्षण के बीच ही उनको कई गड़बड़ियां नजर आईं।
हालांकि उप विकास आयुक्त का यह दौरा पूर्व निर्धारित था और प्रखंड के अधिकारियों व कर्मचारियों ने इसके लिए खासी तैयारी भी की थी। लेकिन, डीडीसी की पैनी नजर खामियों पर पड़ ही गई। निरीक्षण के दौरान जिला अभियंता, जिला परिषद, कार्यपालक अभियंता एनआरईपी और प्रखंड विकास पदाधिकारी खलारी उपस्थित थे।
उप विकास आयुक्त अनन्य मित्तल ने खलारी प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में आंगनबाड़ी और उप स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने डीएमएफटी मद से बनाए गए आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली गई। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उप विकास आयुक्त ने विश्रामपुर, मायापुर, कोनका, लपरा, हुटाप, चुरी वेस्ट, डकरा एवं बमने पंचायत में डीएमएफटी मद से निर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। डीडीसी अनन्य मित्तल ने इन सभी पंचायतों में उप स्वास्थ्य केंद्रों का भी निरीक्षण किया।