स्थानीय नीति में संशोधन संभव : ताला मरांडी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की कुर्सी संभालते ही ताला मरांडी ने शनिवार को यहां कहा कि राज्य सरकार द्वारा हाल ही में लागू की गई स्थानीय नीति में संशोधन की गुंजाइश हमेशा बनी रहेगी। जरूरी हुआ तो स्थानीय नीति में संशोधन किया जाएगा।
राज्य ब्यूरो, रांची। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की कुर्सी संभालते ही ताला मरांडी ने शनिवार को यहां कहा कि राज्य सरकार द्वारा हाल ही में लागू की गई स्थानीय नीति में संशोधन की गुंजाइश हमेशा बनी रहेगी।
पत्रकारों से बात करते हुए नवनियुक्त प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि रघुवर दास के नेतृत्ववाली राज्य की भाजपा सरकार जनहित को अपने एजेंडे में सर्वोपरि रखती है। दरअसल कल्याणकारी सरकारें जनहित में ही फैसले लिया करती हैं। इस लिहाज से जरूरी हुआ तो स्थानीय नीति में संशोधन किया जाएगा। पहले भी कई नीतियों में संशोधन हुए हैं।
इस संवेदनशील विषय पर विपक्ष के रवैये पर ताला मरांडी के तेवर तल्ख दिखे। उन्होंने कहा कि स्थानीय नीति के मुद्दे पर कई दल हाय-तौबा कर रहे हैं। ये दल स्थानीय नीति पर सदन में चर्चा के समय भाग नहीं लेते। जब इस विषय पर उनसे सुझाव मांगा गया तो भी वे कतरा गए। सरकार ने सोच समझ कर व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए यह नीति लागू किया है। यदि आदिवासी और मूलवासियों के हितों में कुछ संशोधन की जरूरत होगी तो जरूर किया जाएगा।
बोरियो के भाजपा विधायक ताला ने अपने नए दायित्व के लिए कहा कि वे सत्ता और संगठन में तालमेल बढ़ाते हुए कार्यकर्ताओं के हितों की सुरक्षा पर केंद्रित रहेंगे। कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों का मान-सम्मान बढऩे से सरकार का मान-सम्मान अपने आप बढ़ जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश संगठन के माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की होगी।
नई कमेटी में मिलेगी हर तबके को जगह
प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी ने कहा कि उनकी कमेटी में हर तबके और कौम को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। लंबे समय से समर्पित भाव से पार्टी से जुड़े हुए लोगों को जवाबदेही सौंपी जाएगी। कमेटी का पुनर्गठन जल्द ही किया जाएगा।
रवींद्र राय की पारी पर खुलकर बोलने से किया परहेज
ताला मरांडी ने निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय की पारी पर खुलकर बोलने से परहेज किया। इतना अवश्य कहा कि कार्यकर्ताओं की कुछ शिकायतें हैं, जिन्हें दूर किया जाएगा।