हेलमेट है आपका सबसे अच्छा साथी
जागरण संवाददाता, रांची : सड़क पर चलने के पहले जानकारी और सतर्कता बेहद जरूरी है। जानकारी की कमी और अप
जागरण संवाददाता, रांची : सड़क पर चलने के पहले जानकारी और सतर्कता बेहद जरूरी है। जानकारी की कमी और अपनी ही लापरवाही के कारण ज्यादातर लोग सड़क हादसों के शिकार हो रहे हैं। राजधानी में सड़क हादसों के कई उदाहरण हैं। रोजाना सैकड़ों लोग किसी ना किसी रूप में हादसों से रू-ब-रू होते हैं। लेकिन अपनी सुरक्षा के लिए अभी भी रांची के लोग जागरुक नहीं हुए हैं। ऐसे में यह बेहद जरूरी है कि शहर के लोगों को सड़क पर सुरक्षा के लिए जागरुक किया जाए और यातायात के नियमों की जानकारी भी दी जाए। इसी संदर्भ में दैनिक जागरण द्वारा बिरसा चौक में सुरक्षित चलें, सुरक्षित रहें अभियान चलाया गया। अभियान में रांची के ट्रैफिक एसपी संजय रंजन सिंह उपस्थित थे। यातायात पुलिस की सहायता से उन लोगों को पकड़ा गया जो सड़क पर नियमों का उल्लंघन करते दिखे। ऐसे लोगों से विनम्रता पूर्वक आग्रह किया गया कि वे यातायात नियमों का पालन करें। नियमों से संबधित पंपलेट भी लोगों के बीच बांटे गए।
हेलमेट और सीट बेल्ट लगाकर चलाएं वाहन
अभियान के दौरान स्वयं ट्रैफिक एसपी ने लोगों को जागरुक करने का काम किया। उन्होने कहा कि हेलमेट और सीटबेल्ट सड़क पर आपका सबसे अच्छा साथी है। यदि आप सुरक्षित रहना चाहते हैं तो हेलमेट के बिना घर से निकलें। यदि चार पहिया वाहन ले कर निकल रहे हैं तो सीट बेल्ट पहनना नहीं भूलें। नियमों का पालन नहीं कर रहे लोगों से उन्होने कहा कि वे ऐसा करके केवल अपनी जान ही खतरे में नहीं डाल रहे हैं, बल्कि अपने चाहने वालों के लिए भी परेशानी का कारण बन रहे हैं। अभियान में शहर के युवा, बुजुर्ग और महिलाओं से भी हेलमेट पहनने के लिए आग्रह किया गया। जो स्कूटी के सीट के नीचे हेलमेट ले कर चल रहे थे उन्होने सबके सामने हेलमेट पहना और अपनी गलती मानी।
यमराज भी हुए अभियान में शामिल
बिरसा चौक में हुए इस अभियान में यमराज भी शामिल हुए। दैनिक जागरण द्वारा यमराज की प्रस्तुति ने सबको यह सोचने को मजबूर किया कि मौत किसी को नहीं पहचानती। हादसे किसी के साथ भी हो सकते हैं। यमराज ने लोगों के बीच जा कर उन्हें जान बचाने की सलाह दी। जो नियमों का पालन नहीं कर रहे थे, उन्हें कहा गया कि वे अपनी जान से खेल रहे हैं। लोगों ने यमराज के सामने अपनी गलती मानी और कहा कि वे दोबारा ऐसी गलती नहीं करेंगे।
युवाओं को मिला तेज नहीं चलने का संदेश
अभियान के दौरान शहर के युवाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। हेलमेट और लाइसेंस के अलावा उन्हें गाड़ी तेज नहीं चलाने की सलाह दी गई। समझाते हुए कहा गया कि आपके जीवन की राह में कई पड़ाव आने बाकी हैं। जल्दबाजी और लापरवाही में अपने भविष्य से खिलवाड़ ना करें। दर्जनों युवाओं ने अपनी गलती स्वीकारी और नियमों के पालन के साथ तेज नहीं चलने की बात पर राजी हुए। ज्ञात हो कि दैनिक जागरण की ओर से सुरक्षित चलें, सुरक्षित रहें अभियान नौ मई से चलाया जा रहा है। इसके तहत शहर के विभिन्न स्कूलों में बच्चों को यातायात के नियमों के प्रति जागरुक करने के बाद अब सड़कों पर आम लोगों को जागरुक करने का काम किया जा रहा है। कार्यक्रम में एनसीसी के कैडेटों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इन बातों का रखें ध्यान :
- अनियंत्रित जेब्रा क्रॉसिंग पर पहले पैदल यात्रियों को सड़क पार करने दें।
- सीट बेल्ट बांधे ताकि आप और आपका परिवार वाहन में सुरक्षित रहें।
- यातायात नियमों और चिन्हों का करें पालन और दुर्घटना से बचें।
- गति सीमा का पालन करें और अपने साथ दूसरों को भी सुरक्षित रखें।
- वाहन को दुरुस्त रखें और दूसरों की परेशानी का कारण नहीं बने।
- वाहन चलाते हुए मोबाइल का प्रयोग ना करें, सड़क पर ध्यान रखें।
- दोपहिया वाहन सवार हेलमेट अवश्य पहनें और स्वयं सुरक्षित रहें।
- अपने साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
- शराब पी कर वाहन ना चलाएं और सड़क पर रेस ना लगाएं।