CM रघुवर दास से मिले सुदेश महतो, विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा; आरक्षण सीमा बढ़ाने की मांग
भाजपा की सहयोगी पार्टी आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने बुधवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास से मुलाकात की। इस क्रम में उन्होंने आरक्षण की सीमा बढ़ाने तथा कई नए प्रखंडों के गठन की मांग की।
रांची, राज्य ब्यूरो। भाजपा की सहयोगी पार्टी आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने बुधवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास से मुलाकात की। इस क्रम में उन्होंने आरक्षण की सीमा बढ़ाने तथा कई नए प्रखंडों के गठन की मांग की। इसे लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री को मांगपत्र भी सौंपा। सुदेश ने मुख्यमंत्री से पिछड़े वर्ग को 27, अनुसूचित जनजाति को 32 तथा अनुसूचित जाति को 14 फीसद आरक्षण देने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
सुदेश महतो ने साथ ही, रांची जिले के जोन्हा, सोनाहातू पूर्वी, तमाड़ पूर्वी, पिठोरिया, खूंटी के बीरबांकी, बोकारो के पिंड्राजोरा, अमलाबाद, माराफारी, बरमसिया, खैराचातर, महुआटांड़ एवं ऊपरघाट, सरायकेला-खरसावां के सिन्नी, पश्चिमी सिंहभूम के टोकलो, धनबाद के मैथन, चिरकुंडा, पुटकी एवं राजगंज, रामगढ के चैनगढ़ा, चतरा के जोरी, पूर्वी सिंहभूम के कोवाली, पलामू के रामगढ़ तथा लातेहार के मुरपा को नया प्रखंड बनाने की मांग रखी।
सुदेश ने मंत्रिपरिषद की अगली बैठकों में एनडीए के पूर्व कार्यकाल में लिए गए प्रस्तावों को पेश कर मंजूरी प्रदान करने की भी मांग की। कहा कि इससे ग्रामीण इलाके की बड़ी आबादी का स्थायी सरकार के प्रति विश्वास बढ़ेगा। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच वर्तमान राजनीतिक हालातों तथा विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।