Jharkhand: AJSU सुप्रीमो सुदेश महतो रामगढ़ विधानसभा से लड़ सकते हैं चुनाव
AJSU Supremo Sudesh Mahto. लोकसभा चुनाव के नतीजों के साथ ही जहां रघुवर कैबिनेट की एक बर्थ खाली हो गई वहीं रामगढ़ विधानसभा सीट भी खाली हो रही है।
रांची, राज्य ब्यूरो। लोकसभा चुनाव के नतीजों के साथ ही जहां रघुवर कैबिनेट की एक बर्थ खाली हो गई, वहीं, रामगढ़ विधानसभा सीट भी खाली हो रही है। राज्य सरकार के मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी के लोकसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के साथ यह सीट रिक्त हो जाएगी। चंद्रप्रकाश ने गिरिडीह संसदीय सीट से जीत हासिल की है। चूंकि झारखंड में विधानसभा चुनाव नवंबर-दिसंबर माह में होनेवाला है, इसलिए यहां उपचुनाव की संभावना काफी कम है।
लेकिन विधानसभा चुनाव में इस सीट को लेकर तरह-तरह के कयास लगने शुरू हो गए हैं। चर्चा है कि आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो इस सीट से स्वयं चुनाव लड़ सकते हैं। माना जा रहा है कि उनके लिए यह सीट काफी सुरक्षित सीट होगी, क्योंकि इस सीट पर चंद्रप्रकाश चौधरी का लंबे समय से वर्चस्व रहा है। सुदेश महतो के सिल्ली से विधानसभा चुनाव और उसके बाद उपचुनाव हारने से भी इस कयास को बल मिल रहा है।
हालांकि यह भी चर्चा है कि चंद्रप्रकाश चौधरी स्वयं अपनी पत्नी को भी रामगढ़ सीट से चुनाव लड़ा सकते हैं। फिलहाल उनकी पत्नी एक सरकारी शिक्षक हैं और राजनीति से दूर रही हैं। इधर, कांग्रेस की प्रत्याशी गीता कोड़ा के चुनाव जीतने से जगन्नाथपुर विधानसभा सीट भी खाली हो गई है।
बता दें कि लोकसभा चुनाव में छह और विधायकों ने किस्मत आजमाई थी। ये सभी चुनाव हार गए। इनमें कांग्रेस के विधायक सुखदेव भगत, झामुमो के चंपई सोरेन, भाकपा माले के राजकुमार यादव, झामुमो के जगरनाथ महतो, कांग्रेस के मनोज कुमार यादव व झाविमो के प्रदीप यादव शामिल हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप