आजसू विधायक विकास सिंह मुंडा झामुमो में शामिल Ranchi News
Jharkhand. राजधानी रांची स्थित झामुमो मुख्यालय में गुरुवार को आयोजित एक कार्यक्रम में विकास मुंडा ने झारखंड मुक्ित मोर्चा की सदस्यता ग्रहण की।
रांची, राज्य ब्यूरो। आजसू के विधायक विकास सिंह मुंडा ने झामुमो का दामन थाम लिया है। उन्होंने कहा कि 19 अक्टूबर को रांची में आयोजित बदलाव रैली में गुरुजी शिबू सोरेन व हेमंत सोरेन के सामने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ विधिवत पार्टी में शामिल होंगे। विकास मुंडा जेएमएम कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि अभी तक राज्य के अलग होने का मकसद पूरा नहीं हुआ है। इस तरह के मुद्दों पर जब हमने अपना पक्ष रखा तो राज्य की बजाय खुद से प्रेम करने वालों को यह नागवार गुजरा और उन्हें निलंबित कर दिया गया।
कहा कि हमने अपने पिता से ऐसी राजनीति करने का गुर सीखा है। हमारे कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज के समय में कई राजनीतिज्ञ नफा-नुकसान देखकर अपना पक्ष रखते हैं। महागठबंधन में सीट नहीं मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब हम झामुमो में शामिल हो रहे हैं, तो इसकी चिंता अब इनको करनी है। हम इसकी चिंता नहीं कर रहे हैं। इस दौरान पार्टी के महासचिव सुप्रियो भïट्टाचार्य और मनोज कुमार पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद थे।