मधुपुर उपचुनाव में गंगा नारायण होंगे भाजपा के प्रत्याशी, बाबूलाल की उपस्थिति में पार्टी में हुए शामिल
Madhupur By Election Jharkhand News आजसू नेता गंगा नारायण ने आज रांची में भाजपा में शामिल होने के बाद कहा कि बिना किसी लोभ लालच के भाजपा से जुड़ रहा हूं। निस्वार्थ भाव से पार्टी की सेवा करूंगा।
रांची, राज्य ब्यूरो। Madhupur By Election, Jharkhand News मधुपुर उपचुनाव में गंगा नारायण सिंह भाजपा के उम्मीदवार होंगे। सोमवार को गंगा नारायण सिंह के भाजपा में शामिल होने के साथ ही भाजपा के उम्मीदवार को लेकर बना संशय अब समाप्त हो गया है। गंगा नारायण सिंह के नाम की औपचारिक घोषणा भाजपा एक-दो दिन में कर सकती है। हालांकि भाजपा की ओर से उनके टिकट की दावेदारी को अधिकृत रूप से अब तक साफ नहीं किया गया है। बता दें कि मधुपुर सीट के लिए 17 अप्रैल को उपचुनाव होगा।
आजसू के टिकट पर मधुपुर से पिछला चुनाव लड़ चुके गंगा नारायण सिंह ने सोमवार को अपने समर्थकों के साथ भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर सारठ विधायक रणधीर सिंह, देवघर के जिला अध्यक्ष सह विधायक नारायण दास और भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू भी उपस्थित थे।
बाबूलाल मरांडी ने गंगा नारायण का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि उनके भाजपा में शामिल होने से न सिर्फ देवघर बल्कि पूरे झारखंड में पार्टी को मजबूती मिलेगी। वहीं, गंगा नाराण सिंह ने भाजपा से खुद के जुड़ने को गर्व की बात बताया। कहा, बचपन से भाजपा के लिए नारे लगाता था, आज बिना किसी लोभ लालच के भाजपा से जुड़ रहा हूं। पार्टी के लिए निस्वार्थ भाव से पूरी ईमानदारी से काम करुंगा। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत प्रदेश के सभी शीर्ष नेताओं का आभार जताया।
शिबू सोरेन तमाड़ से हारे थे, उपचुनाव में भी होगी झामुमो की हार
बाबूलाल मरांडी ने मधुपुर उपचुनाव से भाजपा का प्रत्याशी कौन होगा यह तो स्पष्ट नहीं किया, लेकिन जीत का दावा अवश्य किया। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन मुख्यमंत्री रहते तमाड़ से चुनाव हार गए थे। इस उपचुनाव में भी सरकार के मंत्री (हफीजुल अंसारी) चुनाव हारेंगे। उन्होंने पूर्व मंत्री राजपलिवार का टिकट कटने जैसे सवालों से दूरी बनाई। पार्टी किसे उम्मीदवार बनाएगी पर कहा कि यह केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा।