Move to Jagran APP

चुनाव की थकान मिटाने विदेश चले आजसू प्रमुख सुदेश महतो, इन नेताओं को लगाया मोर्चे पर

आजसू के प्रमुख सुदेश कुमार महतो विधानसभा उपचुनाव की लंबी थकान और खुमारी से सात समुद्र पार उबरेंगे।

By Edited By: Published: Mon, 04 Jun 2018 10:31 PM (IST)Updated: Tue, 05 Jun 2018 11:15 AM (IST)
चुनाव की थकान मिटाने विदेश चले आजसू प्रमुख सुदेश महतो, इन नेताओं को लगाया मोर्चे पर
चुनाव की थकान मिटाने विदेश चले आजसू प्रमुख सुदेश महतो, इन नेताओं को लगाया मोर्चे पर

प्रदीप सिंह, रांची। ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी के प्रमुख सुदेश कुमार महतो विधानसभा उपचुनाव की लंबी थकान और खुमारी से सात समुद्र पार उबरेंगे। इसके लिए उन्होंने स्पेन दौरे का विकल्प चुना है। वे परिवार संग निजी दौरे पर एक सप्ताह तक वहां रहेंगे। उनके आप्त सचिव हिमांशु कुमार के मुताबिक सुदेश महतो की रांची वापसी 12 जून को होगी।

loksabha election banner

सुदेश कुमार महतो अपनी परंपरागत सीट सिल्ली से लगातार दो बार चुनाव हार चुके हैं। हालिया विधानसभा चुनाव में भी उन्हें कड़ी चुनावी टक्कर मिली। झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्रत्याशी सीमा महतो ने उन्हें पराजित किया। सुदेश इस सीट पर सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के प्रत्याशी थे। अपनी हार के बाद उन्होंने राजग से नाता तक तोड़ने तक संकेत दिए हैं। हालांकि सुदेश कुमार महतो आपाधापी में बड़े फैसले लेने से अभी तक बचते रहे हैं।

बताते हैं कि विदेश दौरे से लौटने के बाद वे अगला राजनीतिक कदम उठाएंगे। साथ ही साथ वे अपनी राजनीतिक गतिविधियां भी तेज करेंगे। पार्टी का वजूद बनाए रखने के लिए उन्हें नए सिरे से रणनीति बनानी होगी। पार्टी कार्यकर्ताओं समेत अपने आधार वोट को बरकरार रखने के लिए उन्हें नए सिरे से कड़ी मेहनत करनी होगी।

एक अधिकारी के भी संग जाने की चर्चा
आजसू प्रमुख सुदेश कुमार महतो के साथ एक अधिकारी के भी विदेश दौरे पर जाने की चर्चा है। इसके लिए उन्होंने पूर्व में ही छुंट्टी स्वीकृत करा रखी है। राज्य सरकार के आधा दर्जन आइएएस अधिकारी गर्मियों की छुट्टियां बिताने की अर्जी की मंजूरी ले चुके हैं।

दूसरी कतार के नेताओं को लगाया मोर्चे पर
सिल्ली से चुनाव हारने के बाद सुदेश कुमार महतो ने आननफानन में बुलाए गए प्रेस कांफ्रेंस में राजग में बने रहने को लेकर समीक्षा का दावा किया। उन्होंने सरकार के कई नीतिगत मसलों का विरोध करते हुए उसका नुकसान होने की बातें की। इसके बाद उन्होंने दूसरी कतार के नेताओं को आगे कर दिया है। बारी-बारी से तमाम नेता सरकार समेत भाजपा पर कटाक्ष कर रहे हैं। आने वाले समय में यह और तेज होगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.