Jharkhand Assembly Election 2019: उम्मीदवारों की दौड़, 5 गुनी तक महंगी हुई हवाई यात्रा
Jharkhand. चुनावी रंग में आम लोग भी महंगी हवाई यात्रा करने के लिए मजबूर हैं। शुक्रवार को एयर इंडिया के विमान से यात्रा करने वालों को 27222 रुपये लगे।
रांची, जासं। राज्य में विधानसभा चुनाव है। 81 विधानसभा सीटों के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता व उनके समर्थक टिकट के फेर में रांची से दिल्ली की दौड़ लगा रहे हैं। इस चुनावी यात्रा की वजह से बढ़ी भीड़ के कारण आम लोग भी महंगी हवाई यात्रा करने के लिए मजबूर हैं। चुनावी रंग को देख विभिन्न एयरलाइंस सर्विसेस ने गुरुवार व शुक्रवार को किराए में काफी वृद्धि की है। गुरुवार को रांची से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को 18667 रुपये में टिकट कटाकर दिल्ली जाना पड़ा। जबकि सामान्य दिनों में तीन से चार हजार रुपये खर्च करने पड़ते हैं।
आठ नवंबर को रांची से दिल्ली की यात्रा करने वाले यात्री यदि गो एयरवेज के विमान से यात्रा करेंगे तो उन्हें 11,724 रुपये का भुगतान करना होगा। जबकि विस्तारा के विमान से रांची से दिल्ली की यात्रा करने के लिए 10,439 रुपये खर्च करने पड़ेंगे। इसी प्रकार एयर इंडिया के विमान से रांची से दिल्ली जाने पर 27,222 रुपये खर्च करने पड़ेंगे।
इधर, ऑनलाइन बुकिंग के अनुसार नौ नवंबर से रांची से दिल्ली व दिल्ली से रांची की यात्रा करने वालों को वर्तमान किराए से काफी कम राशि खर्च करनी पड़ेगी। इंडिगो के विमान से भी शुक्रवार को रांची से दिल्ली की यात्री करने वालों को 10,704 रुपये का भुगतान करना पड़ेगा। जबकि एयर एशिया के विमान से रांची से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को 14,639 रुपये खर्च करने होंगे।
आठ नवंबर को रांची से दिल्ली के लिए हवाई किराया
एयर एशिया 14639
एयर इंडिया 27222
विस्तारा 10439
गो एयरवेज 11724
इंडिगो 10704