एयर एशिया की दो उड़ानें होंगी बंद
कोलकाता-रांची-दिल्ली एवं दिल्ली-रांची-कोलकाता के लिए दो विमान अब नहीं देंगे सेवाएं, वाया रूट पर यात्रियों की कमी के कारण एयरलाइंस कंपनी ने लिया फैसला।
जागरण संवाददाता, रांची : यात्रियों की कमी के कारण एयर एशिया एयरलाइंस कंपनी अपनी दो उड़ानें पहली जून से बंद करने वाली है। कोलकाता-रांची-दिल्ली एवं दिल्ली-रांची-कोलकाता के बीच उड़ान भरने वाले दोनों विमानों को स्थायी तौर पर बंद किया जाएगा। रांची को कोलकाता और दिल्ली से कनेक्ट करनेवाले दो विमानों बंद होने से इन रूटों पर उड़ान भरने वाले अन्य विमानों पर दबाव बढ़ने की संभावना है। साथ ही अथॉरिटी द्वारा रांची एयरपोर्ट पर विमानों की संख्या बढ़ाने की योजना भी प्रभावित हो सकती है।
क्या है कारण : एयर एशिया के अधिकारियों की मानें तो पिछले कई माह से इस रूट पर हवाई सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में गिरावट आई है। विमान सेवा घाटे में चलने के कारण स्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया गया है। वाया रांची होते हुए कोलकाता-दिल्ली और दिल्ली-कोलकाता के बीच उड़ान भरने वाले दोनों विमान को पर्याप्त यात्री नहीं मिल पाते हैं। दिल्ली से कोलकाता तथा कोलकाता से दिल्ली के बीच सीधी उड़ानों का विकल्प होने के कारण यात्री वाया रूट से उड़ान भरने में दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। कारण वाया रूट से यात्रा करने में अधिक समय लगता है। रांची एयरपोर्ट के टर्मिनल मैनेजर के अनुसार रांची से एयर एशिया कंपनी तीन विमानों को बंद करेगी, जबकि एयरलाइंस अधिकारी दो विमान बंद होने की ही बात करते हैं।
इनके अनुसार कोलकाता-रांची-दिल्ली के बीच उड़ान भरने वाली विमान संख्या आई 5-541, दिल्ली-रांची-कोलकाता के बीच उड़ान भरने वाली विमान संख्या आई 5-546 की सेवा बंद की जाएगी। 'एशिया एयरलाइंस पहली जून से रांची को जोड़ने वाले तीन विमानों की सेवा बंद करेगी। इन रूटों पर यात्री न मिलने क कारण एयरलाइंस प्रबंधन को यह फैसला लेना पड़ रहा है। यात्रियों की कमी के कारण एयरलाइंस कंपनी घाटे में जा रही थी।' -मनोज प्रसाद सिंह, टर्मिनल प्रबंधक, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची।